दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चरगवां पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 140 लीटर कच्ची शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 14 हजार रुपये बताई गई है।
थाना प्रभारी सरोजनी चौकसे ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम हीरापुर नाला के पास दो युवक बड़ी मात्रा में कच्ची शराब लेकर ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम अंशुल मरकाम (21) और श्रीराम बरकड़े (21), निवासी ग्राम मरहापाठा, थाना बरगी बताए। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से दो केनों में भरी 70 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई।
इसी दिन पुलिस ने दूसरी कार्रवाई ग्राम सोमती केनाल के पास की। मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर अंकित कुमार गोंड (19), निवासी ग्राम मरहापाठा, थाना बरगी को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से भी दो केनों में भरी 70 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई।
चरगवां पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
Tags
jabalpur
