Jabalpur News: प्रेम विवाह के 5 महीने बाद विवाद, पत्नी ने पति पर चाकू से किया वार, दी केस में फंसाने की धमकी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के गोरखपुर थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह के महज 5 महीने बाद ही एक अनोखा और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक पत्नी ने पति द्वारा पढ़ाई के लिए लैपटॉप खरीद कर न देने पर आपा खो दिया और सब्जी काटने वाले चाकू से पति पर हमला कर उसे घायल कर दिया। 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सेठीनगर (गोरखपुर) निवासी 31 वर्षीय अभिषेक बेन, जो कि एक पान की दुकान चलाते हैं, ने थाना गोरखपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई है। अभिषेक ने बताया कि करीब 5 महीने पहले उन्होंने साक्षी चौरसिया के साथ प्रेम विवाह किया था। साक्षी पिछले कुछ समय से अपनी पढ़ाई के लिए लैपटॉप खरीदने की मांग कर रही थी।

बीती रात करीब 11:30 बजे जब साक्षी ने फिर से लैपटॉप की मांग दोहराई, तो अभिषेक ने असमर्थता जताते हुए मना कर दिया। इसी बात से नाराज होकर साक्षी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि साक्षी ने घर में रखी सब्जी काटने वाली चाकू उठाई और अभिषेक पर हमला कर दिया, जिससे उनके बाएं हाथ की कोहनी में चोट आई है।

पीड़ित पति का आरोप है कि मारपीट करने के साथ-साथ पत्नी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, उसने अभिषेक को दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा (डोमेस्टिक वायलेंस) के झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी है।

घटना के बाद पीड़ित पति ने थाने पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई। गोरखपुर थाना पुलिस ने अभिषेक बेन की शिकायत पर आरोपी पत्नी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 118(1) और 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post