दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच गुरुवार को जबलपुर-नरसिंहपुर मार्ग पर बड़ा हादसा हो गया। नरसिंहपुर जिले के बरमान से जबलपुर लौट रही बोलेरो बेलखेड़ा के पास उफनते नाले को पार करते समय तेज बहाव में बह गई। हादसे में बोलेरो चालक की मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार अन्य पांच लोग कांच तोड़कर और तैरकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
जानकारी के अनुसार, बेलखेड़ा शराब दुकान सिंडिकेट के कर्मचारी बरमान से जबलपुर लौट रहे थे। बेलखेड़ा के पास कटाव पर बने रपटे पर करीब तीन फीट पानी बह रहा था। इसके बावजूद चालक ने वाहन निकालने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण बोलेरो अनियंत्रित होकर पलट गई और नाले में बह गई।
हादसे में 52 वर्षीय रवि पिल्ले, निवासी सदर (जबलपुर), का पैर बोलेरो में फंस गया, जिससे वह बाहर नहीं निकल सके। वहीं संदीप बंजारा, चंदन लोधी, बबलू आदिवासी, बद्दू और मयंक किसी तरह वाहन का कांच तोड़कर बाहर निकले और तैरकर सुरक्षित किनारे पहुंच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय नाले के दोनों ओर कई लोग मौजूद थे, लेकिन तेज बहाव के कारण कोई भी पानी में उतरकर चालक को नहीं बचा सका। करीब तीन घंटे बाद जलस्तर कम होने पर बोलेरो दिखाई दी, जिसके बाद ग्रामीणों ने वाहन से रवि पिल्ले को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान बेलखेड़ा पुलिस मूकदर्शक बनी रही, जबकि ग्रामीणों ने बचाव का प्रयास किया। हालांकि, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।
बेलखेड़ा थाना प्रभारी धन्नू सिंह ने बताया कि बोलेरो (एमपी-20-0433) में छह लोग सवार थे। रपटे पर तेज बहाव के बीच वाहन अनियंत्रित होकर नाले में बह गया। चालक का पैर वाहन में फंसने से उसकी मौत हो गई, जबकि अन्य सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।
पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
