दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिले में तीन तलाक का मामला सामने आया है। गढ़ा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने अपने पति पर सार्वजनिक रूप से तीन तलाक देने, घर से निकालने, दूसरी महिला के साथ रहने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीन वर्ष पहले हुआ था निकाह
पीड़िता तस्लीम ने पुलिस को बताया कि करीब तीन वर्ष पहले बड़े मदार छल्ला निवासी मोहम्मद शहनवाज से उसका निकाह हुआ था। शादी के शुरुआती दिनों में दांपत्य जीवन सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय बाद पति का व्यवहार बदलने लगा। वह देर रात घर लौटता था और पूछने पर विवाद एवं मारपीट करता था।
दूसरी महिला से संबंध होने का आरोप
महिला का आरोप है कि कुछ महीने पहले उसे पति के किसी अन्य महिला से प्रेम संबंध होने की जानकारी मिली। शुरुआत में पति कभी-कभार उस महिला के घर जाता था, लेकिन बाद में वह अधिकतर समय वहीं रहने लगा और कई बार रात भी वहीं बिताने लगा। विरोध करने पर पति उसके साथ मारपीट करता था।
एक सप्ताह से चल रहा था विवाद
तस्लीम के अनुसार, पिछले एक सप्ताह से दोनों के बीच लगातार विवाद चल रहा था। पति उस पर मायके चले जाने का दबाव बना रहा था। महिला का आरोप है कि उसने घर खर्च देना भी बंद कर दिया था और बच्चों की जिम्मेदारी निभाने से भी इंकार कर दिया था।
शादी समारोह में दिया तीन तलाक
पीड़िता का कहना है कि बुधवार रात एक रिश्तेदार के शादी समारोह में उसके पति ने लोगों के सामने तीन बार "तलाक" कहकर वैवाहिक संबंध समाप्त करने की बात कही और वहां से चला गया। महिला का आरोप है कि जिस युवती से उसके पति के संबंध थे, अब उसे अपने घर में रख लिया है। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
महिला की शिकायत पर गढ़ा थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपी मोहम्मद शहनवाज की तलाश की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
Tags
jabalpur
