Jabalpur News: सूपाताल तालाब में युवक का शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका; दोस्तों पर मारपीट कर तालाब में फेंकने का आरोप

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र स्थित सूपाताल तालाब में सोमवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। तालाब में शव उतराता देख स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाकर जांच शुरू की।

पुलिस ने मृतक की पहचान बीटी तिराहा निवासी 32 वर्षीय अमर सिंह के रूप में की है। प्रारंभिक जांच में मामला पानी में डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों द्वारा हत्या की आशंका जताए जाने के बाद पुलिस अब सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

रविवार रात दोस्तों के साथ निकला था घर से


परिजनों के अनुसार अमर सिंह रविवार रात अपने कुछ दोस्तों के साथ घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। सोमवार सुबह सूपाताल तालाब में उसका शव मिलने की सूचना मिली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्होंने इसे महज हादसा मानने से इनकार कर दिया।

दोस्तों पर लगाए गंभीर आरोप


मृतक के परिजनों का आरोप है कि अमर सिंह के साथ उसके दोस्तों ने किसी बात को लेकर पहले मारपीट की और बाद में साक्ष्य छिपाने अथवा उसकी हत्या करने की नीयत से उसे तालाब में फेंक दिया। परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

हत्या और हादसे दोनों पहलुओं से जांच


गढ़ा थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की जांच हत्या और दुर्घटना, दोनों एंगल से की जा रही है। मृतक के साथ मौजूद रहे दोस्तों से पूछताछ की जाएगी और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों सहित अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जाएगी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अमर सिंह की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान एकत्र किए गए साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है, ताकि घटना की वास्तविक वजह सामने लाई जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post