Jabalpur News: हर साल नई यूनिफॉर्म नहीं खरीदेंगे, होम साइंस कॉलेज की छात्राओं ने किया चक्काजाम

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के होम साइंस कॉलेज में नई यूनिफॉर्म अनिवार्य किए जाने के विरोध में सोमवार को सैकड़ों छात्राएं सड़क पर उतर आईं। छात्राओं ने कॉलेज से रैली निकालकर शास्त्री ब्रिज चौराहे पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस, कॉलेज प्रबंधन और उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्राओं को समझाइश दी।

छात्राओं का कहना है कि उनकी मौजूदा यूनिफॉर्म पूरी तरह उपयोग योग्य है, फिर भी कॉलेज प्रबंधन हर नए शैक्षणिक सत्र में नई यूनिफॉर्म खरीदने के लिए बाध्य कर रहा है। उनका आरोप है कि इससे आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ रहा है।

बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा दुर्गा मेहरा ने बताया कि उनके परिवार की आर्थिक स्थिति हर साल नई यूनिफॉर्म खरीदने की अनुमति नहीं देती। उन्होंने कहा कि कॉलेज में बड़ी संख्या में ऐसे छात्र-छात्राएं हैं, जिनके अभिभावक मजदूरी या निजी नौकरी कर परिवार चलाते हैं। ऐसे में फीस के साथ नई यूनिफॉर्म खरीदना मुश्किल हो जाता है।

वहीं छात्रा सपना कुर्मी ने बताया कि प्रथम वर्ष में प्रवेश के समय कॉलेज प्रबंधन के निर्देश पर उन्होंने दो जोड़ी यूनिफॉर्म खरीदी थी। अब दूसरे वर्ष में फिर नई यूनिफॉर्म खरीदने का निर्देश दिया गया है, जबकि पुरानी यूनिफॉर्म अभी भी अच्छी स्थिति में है।

प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने स्पष्ट कहा कि जब तक कॉलेज प्रबंधन अपना निर्णय वापस नहीं लेता, वे नई यूनिफॉर्म नहीं खरीदेंगी। चक्काजाम के कारण शास्त्री ब्रिज चौराहे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना की जानकारी मिलने पर उच्च शिक्षा विभाग के अतिरिक्त संचालक अल्केश चतुर्वेदी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि छात्राओं की मुख्य आपत्ति नई लाइट येलो रंग की यूनिफॉर्म को लेकर है। कॉलेज प्राचार्य से चर्चा की जा रही है और ऐसा समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे छात्राओं और कॉलेज प्रबंधन दोनों की सहमति बन सके। उन्होंने यह भी संकेत दिए कि यूनिफॉर्म को वैकल्पिक (ऐच्छिक) बनाए जाने के विकल्प पर विचार किया जा रहा है।

प्रदर्शन के दौरान मदनमहल, गढ़ा और ओमती थाना पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। सीएसपी एम.डी. नगोतिया ने बताया कि छात्राओं और कॉलेज प्रबंधन के बीच बातचीत जारी है। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति सार्वजनिक चौराहे पर प्रदर्शन किए जाने के मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई पर भी विचार किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post