Jabalpur News: डॉक्टर के घर डकैती का प्रयास, डिजिटल लॉक नहीं तोड़ पाए डकैत; आवाज सुनकर जागा परिवार, शोर मचाते ही उल्टे पैर भागे हथियारबंद बदमाश

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। ग्वारीघाट थाना क्षेत्र स्थित पॉश रिलायबल कॉलोनी में रविवार देर रात एक निजी अस्पताल के डॉक्टर के घर डकैती का प्रयास किया गया। चार हथियारबंद नकाबपोश बदमाश घर का फ्रंट गेट खोलकर अंदर घुस गए और मुख्य दरवाजा तोड़ने की कोशिश करने लगे। हालांकि दरवाजे पर लगे डिजिटल लॉक और डॉक्टर की सतर्कता के चलते बदमाश अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।

खटपट की आवाज से खुली नींद, बालकनी से देखा संदिग्धों को


जानकारी के अनुसार निजी अस्पताल में कार्यरत डॉ. विपिन अग्रवाल अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। रात करीब दो बजे खटपट की आवाज सुनकर उनकी नींद खुली। पहले उन्होंने बेडरूम की खिड़की से नीचे देखा तो घर का लोहे का फ्रंट गेट खुला मिला। बालकनी में पहुंचने पर उन्होंने देखा कि पड़ोसी का गेट भी खुला हुआ है और चार संदिग्ध घर के बाहर मौजूद हैं।

तीन बदमाश तोड़ रहे थे दरवाजा, एक कर रहा था निगरानी


डॉ. अग्रवाल ने देखा कि एक बदमाश चेहरे पर सफेद कपड़ा बांधे हाथ में लोहे का औजार लेकर सड़क पर निगरानी कर रहा था, जबकि तीन अन्य बदमाश मुख्य दरवाजे पर लोहे के हथियारों से लगातार वार कर उसे तोड़ने का प्रयास कर रहे थे। यह देखते ही उन्होंने जोर-जोर से शोर मचाया, बदमाशों को ललकारा और तुरंत डायल-112 पर सूचना देने के साथ पड़ोसियों को भी फोन कर सतर्क किया।

रहवासी जागे तो भाग निकले बदमाश

डॉक्टर के शोर मचाने के बाद कॉलोनी के लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए और कई घरों की लाइटें जल गईं। लोगों की हलचल बढ़ते देख चारों बदमाश मौके से रेल पटरी की ओर भाग निकले।

पुलिस ने किया पीछा, तलाश जारी


घटना की सूचना मिलने के करीब दस मिनट बाद ग्वारीघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डॉक्टर की सूचना के आधार पर पुलिस ने रेल पटरी की ओर आरोपियों का पीछा किया। स्थानीय लोगों के अनुसार पीछा करने के दौरान कुछ बदमाशों ने पुलिस पर हमला करने का भी प्रयास किया, हालांकि किसी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ डकैती के प्रयास का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

डिजिटल लॉक ने टाली बड़ी वारदात

डॉ. विपिन अग्रवाल ने बताया कि मुख्य दरवाजे पर डिजिटल लॉक लगा होने के कारण बदमाश काफी कोशिश के बावजूद दरवाजा नहीं तोड़ पाए। उनका कहना है कि यदि दरवाजा टूट जाता तो परिवार के साथ कोई बड़ी वारदात हो सकती थी।

सीसीटीवी में कैद हुए चार नकाबपोश


घटना के बाद कॉलोनीवासियों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में चार नकाबपोश बदमाश हथियारों के साथ कॉलोनी में घूमते दिखाई दिए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

सुरक्षा दीवार नहीं बनने पर रहवासियों में नाराजगी

घटना के बाद रिलायबल कॉलोनी के रहवासियों में दहशत का माहौल है। उनका कहना है कि पहले भी रेल पटरी की ओर से बदमाश कॉलोनी में घुसकर चोरी और लूट की कोशिश कर चुके हैं। रहवासियों ने आरोप लगाया कि कॉलोनी के बिल्डर ने रेल पटरी की ओर सुरक्षा दीवार बनाने का वादा किया था, लेकिन अब तक दीवार का निर्माण नहीं कराया गया। उन्होंने प्रशासन और बिल्डर से जल्द ऊंची सुरक्षा दीवार बनवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post