दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के प्रतिष्ठित क्राइस्ट चर्च स्कूल में गुरुवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। स्कूल परिसर के मैदान में खेल रहे कक्षा 7वीं के 12 वर्षीय छात्र अमजद खान को सांप ने काट लिया। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन और परिजनों में हड़कंप मच गया। छात्र को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, अमजद खान रोज़ की तरह स्कूल गया था। खेल के दौरान अचानक उसके पैर में किसी जहरीले जीव के काटने का अहसास हुआ। दर्द बढ़ने पर स्कूल प्रबंधन ने तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल लाए जाने के समय छात्र स्कूल यूनिफॉर्म में ही था।
जिला अस्पताल के डॉक्टर बृजेश ने बताया कि छात्र के पैर पर सांप के दांतों के निशान (फैंग मार्क्स) स्पष्ट दिखाई दे रहे थे। शुरुआती जांच में सूजन या अधिक रक्तस्राव नहीं था, लेकिन 20 मिनट के व्होल ब्लड कोगुलेशन टेस्ट में खून सामान्य रूप से नहीं जमा। इसके बाद तुरंत एंटी-स्नेक वीनम (ASV) इंजेक्शन दिया गया। छह घंटे बाद दोबारा जांच में स्थिति सामान्य पाई गई।
डॉक्टरों के अनुसार, छात्र की हालत अब पूरी तरह स्थिर है। वह सामान्य रूप से खाना-पीना कर रहा है और उसके सभी वाइटल्स सामान्य हैं।
डॉक्टरों ने लोगों से अपील की है कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपायों में समय बर्बाद न करें, बल्कि मरीज को तुरंत अस्पताल पहुंचाएं। समय पर उपचार से जान बचाई जा सकती है।
इस घटना ने स्कूल परिसरों में बच्चों की सुरक्षा, खेल मैदानों की नियमित साफ-सफाई और जहरीले जीवों से बचाव के इंतजामों को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Tags
jabalpur
