Jabalpur News: डीबी क्लब के सामने चले चाकू, फोटोग्राफर घायल, बदमाश की तलाश में जुटी घमापुर पुलिस

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
शहर के घमापुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश और अड़ीबाजी को लेकर एक फोटोग्राफर पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने बीच सड़क पर बाइक अड़ाकर वारदात को अंजाम दिया। गनीमत रही कि पीड़ित ने सूझबूझ दिखाते हुए हमले को हाथ से रोका, जिससे उसकी जान बच गई। 

जानकारी के मुताबिक, न्यू कछियाना (घमापुर) निवासी 40 वर्षीय सुनील गोटिया पेशे से फोटोग्राफर हैं। बीती रात करीब 8:30 बजे वे अपने दोस्त मनीष नामदेव के साथ उसकी पैशन बाइक पर पीछे बैठकर फोटोग्राफी के काम से पचपेढ़ी सिविल लाइंस जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक मंगल पराग मैदान की तरफ से होते हुए मेन रोड डीबी क्लब के सामने पहुंची, तभी चुंगी की तरफ से मोटर साइकिल पर आए शिवा उर्फ विजय रघुवंशी ने उनकी गाड़ी के आगे अपनी बाइक अड़ाकर उन्हें रोक लिया।

पीड़ित सुनील गोटिया ने पुलिस को बताया कि बाइक रोकते ही आरोपी शिवा उर्फ विजय रघुवंशी गाली-गलौज करने लगा। उसने तैश में आकर कहा, "तुमने पहले शराब पीने के लिए पैसे मांगने पर मना क्यों किया था?" यह कहते हुए आरोपी ने जान से मारने की नीयत से सीधे सुनील की गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया।

अचानक हुए इस हमले से संभलते हुए सुनील ने चाकू को हाथ से रोकने का प्रयास किया, जिससे चाकू उसकी गर्दन पर न लगकर बाएं कान पर जा लगा और वे लहूलुहान हो गए। इसके बाद दोनों के बीच काफी देर तक झूमाझपटी और हाथापाई हुई, जिसके चलते सुनील सड़क पर गिर पड़े और उनके बाएं हाथ की कोहनी में भी गंभीर चोटें आईं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

पीड़ित सुनील गोटिया ने घमापुर थाने पहुंचकर मामले की लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी शिवा उर्फ विजय रघुवंशी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(ए), 118(1), 109(1), और 126(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post