Jabalpur News: बंदर से टकराई बाइक, दो युवक घायल; एक मेडिकल रेफर

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सिहोरा-मझौली रोड पर पोंडा तिराहे के पास शुक्रवार शाम करीब 4 बजे सड़क हादसे में दो युवक घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब उनकी बाइक सड़क पार कर रहे एक बंदर से टकरा गई। दुर्घटना में एक युवक को गंभीर चोटें आने पर प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, सिहोरा निवासी 20 वर्षीय आरजू पटेल और बघराजी निवासी 25 वर्षीय प्रहलाद पटेल मोटरसाइकिल से कटंगी में आयोजित जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। पोंडा तिराहे के पास अचानक एक बंदर सड़क पार करने लगा। बाइक सवारों को संभलने का मौका नहीं मिला और मोटरसाइकिल बंदर से टकरा गई।

टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई, जिससे दोनों युवक गिरकर घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को निजी एंबुलेंस की मदद से सिहोरा अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद आरजू पटेल की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहीं, प्रहलाद पटेल का उपचार सिहोरा अस्पताल में जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post