दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 13 अगस्त 2026 को वर्ष 2027 की 10वीं और 12वीं की मुख्य परीक्षाओं का टाइम-टेबल जारी कर दिया है। 12वीं की परीक्षा 17 फरवरी से 19 मार्च 2027 तक और 10वीं की परीक्षा 24 फरवरी से 18 मार्च 2027 तक आयोजित की जाएगी।
दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक होंगी। विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र पर सुबह 8 बजे तक पहुंचना होगा। वहीं, 8:30 बजे तक परीक्षा कक्ष में उपस्थित होना अनिवार्य रहेगा। 8:45 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
10वीं की परीक्षा 24 फरवरी से
हाईस्कूल परीक्षा की शुरुआत 24 फरवरी को भाषा विषयों के साथ चित्रकला, गायन-वादन, तबला-पखावज और कंप्यूटर विषयों की परीक्षा से होगी। इसके बाद 25 फरवरी को NSQF और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, 27 फरवरी को उर्दू, 2 मार्च को हिंदी और 5 मार्च को गणित की परीक्षा होगी।
9 मार्च को अंग्रेजी, 12 मार्च को संस्कृत, 15 मार्च को विज्ञान और 18 मार्च को सामाजिक विज्ञान का पेपर होगा।
12वीं की परीक्षा 17 फरवरी से
हायर सेकेंडरी परीक्षा 17 फरवरी को बायोटेक्नोलॉजी, गायन-वादन और तबला-पखावज के पेपर से शुरू होगी। 18 फरवरी को उर्दू व मराठी, 20 फरवरी को संस्कृत और 22 फरवरी को NSQF, शारीरिक शिक्षा व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की परीक्षा होगी।
इसके बाद 23 फरवरी को हिंदी, 26 फरवरी को अंग्रेजी, 1 मार्च को इंफॉर्मेटिक प्रैक्टिसेस, 3 मार्च को समाजशास्त्र, 8 मार्च को जीव विज्ञान, 11 मार्च को राजनीति शास्त्र और 16 मार्च को गणित की परीक्षा होगी। 17 और 19 मार्च को अलग-अलग व्यावसायिक एवं वैकल्पिक विषयों की परीक्षाएं होंगी।
8:45 बजे के बाद प्रवेश नहीं
मंडल के निर्देश के मुताबिक विद्यार्थियों को परीक्षा शुरू होने से पहले 15 मिनट प्रश्न-पत्र पढ़ने के लिए दिए जाएंगे। 8:45 बजे प्रश्न-पत्र और 8:55 बजे उत्तरपुस्तिका दी जाएगी। परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचना अनिवार्य है।
दूसरी परीक्षा भी जून में
10वीं की दूसरी परीक्षा 15 से 30 जून 2027 और 12वीं की दूसरी परीक्षा 11 से 30 जून 2027 तक आयोजित होगी। वहीं, 10वीं की प्रायोगिक परीक्षाएं 11 से 30 जून और 12वीं की प्रायोगिक परीक्षाएं 1 फरवरी से 19 मार्च 2027 के बीच कराई जाएंगी।
मंडल ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान सरकारी या स्थानीय अवकाश होने पर भी परीक्षा निर्धारित तारीख पर आयोजित की जा सकती है। जरूरत पड़ने पर परीक्षा की तारीख या समय में बदलाव की सूचना अलग से दी जाएगी।
Tags
madhya pradesh


