दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र के कृष्ण नगर कॉलोनी स्थित त्रिमूर्ति नगर में 5 अगस्त की शाम हुई चाकूबाजी में युवक यशवंत ठाकुर की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी ऋतिक उर्फ गुड्डू सोनी और उसके एक नाबालिग साथी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, घटना के दिन मृतक यशवंत और दोनों आरोपी आपस में परिचित थे और दिनभर बाइक से साथ घूम रहे थे। शाम करीब 5 बजे किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने यशवंत पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू और भागने में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक यशवंत और मुख्य आरोपी ऋतिक का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। यशवंत के खिलाफ माढ़ोताल और विजयनगर थानों में मारपीट व चोरी के करीब आधा दर्जन मामले दर्ज बताए गए हैं। वहीं, ऋतिक और उसके नाबालिग साथी के खिलाफ भी पूर्व में मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
Tags
jabalpur
