Jabalpur News: सूने मकान से सोने-चांदी के जेवर उड़ाने वाले 2 शातिर चोर गिरफ्तार, हनुमानताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। हनुमानताल थाना क्षेत्र में हुई नकबजनी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. इजहार अंसारी (22) निवासी आदिल कबाड़ी, सत्तार झिरिया, हनुमानताल तथा अरशद कुरैशी (24) निवासी काजी मोहल्ला, बड़ा मदार छल्ला, हनुमानताल के रूप में हुई है।

घर में ताला टूटा मिला, सामान बिखरा पड़ा था

जानकारी के अनुसार, हनुमानताल थाने में 4 अगस्त 2026 को मोहम्मद गुलाम, उम्र 40 वर्ष, निवासी पंचकुईया हनुमानताल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि वह दुपहिया वाहन रिपेयरिंग का काम करता है। उसके पिता अब्दुल कदीर रजा चौक क्षेत्र में रहते हैं। परिवार में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वह अपने परिवार के साथ माता-पिता के घर गया था।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद रात करीब 11:30 बजे जब वह परिवार सहित वापस अपने घर पहुंचा तो मकान का ताला टूटा हुआ मिला और दरवाजे खुले थे। अंदर जाकर देखने पर आलमारी खुली हुई थी और लॉकर भी टूटा मिला। कमरे का सामान बिखरा हुआ था।

जांच करने पर पता चला कि लॉकर में रखे बैग से सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र, एक जोड़ी झाले, चांदी के कड़े, पायल एवं अन्य जेवरात के साथ करीब 30 हजार रुपये नकद और कुछ जरूरी दस्तावेज भी गायब थे। फरियादी के मुताबिक अज्ञात चोरों ने 2 अगस्त की रात करीब 11 बजे घर का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 537/26 के तहत धारा 331(4), 305(1) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर आरोपियों तक पहुंची पुलिस

विवेचना के दौरान पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से आरोपियों के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर दबिश देकर मो. इजहार अंसारी और अरशद कुरैशी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान दोनों ने नकबजनी की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।

सोने-चांदी के जेवर बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए जेवरात बरामद किए हैं। बरामद सामान में सोने का मंगलसूत्र, एक अंगूठी, एक जोड़ी झाले, तीन लॉकेट, चांदी की दो जोड़ी पायल, दो कड़े और एक चांदी की अंगूठी शामिल हैं।पुलिस ने बरामद मशरूका जब्त कर दोनों आरोपियों को प्रकरण में विधिवत गिरफ्तार किया। इसके बाद दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

नकबजनी की वारदात का खुलासा करने और आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद करने में थाना प्रभारी हनुमानताल सुभाष चंद बघेल, उप निरीक्षक राजेश पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक राजेश मिश्रा, प्रधान आरक्षक विनीत श्रीवास, सादिक अली, अजय डबराल, आशीष तिवारी एवं साजिद अली की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post