दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। केंद्रीय जेल में बंद आरोपी गुरुवार सुबह इलाज के दौरान हमीदिया अस्पताल से हथकड़ी समेत फरार हो गया। भागने से पहले उसने सुरक्षा में तैनात जेल प्रहरी से मारपीट की और अस्पताल के वार्ड का दरवाजा बंद कर दौड़ लगा दी। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है।
आरोपी की पहचान सोहेल खान पुत्र वाहिद खान के रूप में हुई है। उसे बुधवार शाम धारा 151 के तहत जेल भेजा गया था। उसकी मानसिक स्थिति को देखते हुए गुरुवार सुबह उपचार के लिए हमीदिया अस्पताल लाया गया था।
CCTV फुटेज में आरोपी पहले हथकड़ी निकालता दिखाई देता है। इसके बाद चप्पल हाथ में लेकर वार्ड से भागता है और पीछे से दरवाजा बंद कर देता है। प्रहरी और महिला जेल पुलिसकर्मी ने उसका पीछा किया, लेकिन वह दीवार फांदकर फरार हो गया।
आरोपी को पकड़ने के दौरान प्रहरी के पैर में भी चोट आई। इसके बाद आरोपी पैदल जहांगीराबाद के मुर्गी बाजार तक पहुंच गया। जेल प्रशासन ने उसकी तलाश के लिए तीन टीमें लगाईं और करीब 4 घंटे के भीतर उसे गिरफ्तार कर लिया।
Tags
madhya pradesh
