MP News: दतिया में घर में घुसकर पार्षद से मारपीट, थाने पहुंचने से पहले फिर घेरा; डंडे और ईंट-पत्थरों से कार के कांच फोड़े

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दतिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के चूनगर फाटक इलाके में वार्ड-3 के पार्षद के घर देर रात घुसकर मारपीट और बाद में थाने जाते समय रास्ता रोककर कार में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। पार्षद कोमल सिंह अहिरवार की शिकायत पर पुलिस ने अजय वाल्मीकि, लखन वाल्मीकि, सुमित वाल्मीकि, छोटू वाल्मीकि और अतुल वाल्मीकि के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पार्षद के मुताबिक, 13 अगस्त की रात करीब 12:30 बजे अजय वाल्मीकि डंडा लेकर उनके घर पहुंचा और गेट खुलवाकर विवाद करने लगा। बातचीत के दौरान अजय ने डंडे से पार्षद की बाईं कोहनी के पास वार कर दिया। इसके बाद लखन और सुमित ने उन्हें बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया। कुछ देर बाद छोटू और अतुल भी घर में घुस आए और सभी ने मिलकर लात-घूंसों से मारपीट की।

बीच-बचाव करने पहुंचे पार्षद के बेटे तरुण के साथ भी मारपीट की गई। शिकायत के अनुसार, लखन ने तरुण की दाहिनी आंख के पास घूंसा मारा। परिजनों और परिचितों के बीच-बचाव के बाद आरोपी वहां से चले गए।

थाने जाते समय फिर रोका

घटना की शिकायत करने पार्षद अपने बेटे तरुण, अरुण और भतीजे निवेष के साथ कार से थाने जा रहे थे। आरोप है कि चूनगर फाटक स्थित भैरव मंदिर के पास अजय, लखन और सुमित ने उनकी कार रोक ली। बाद में छोटू और अतुल भी वहां पहुंच गए।

आरोपियों ने थाने जाने पर धमकाते हुए कार में तोड़फोड़ शुरू कर दी। अजय ने डंडे से कार के सामने वाले कांच पर वार किया, जबकि अन्य आरोपियों ने ईंट-पत्थरों से कार के शीशे फोड़ दिए।

लोडिंग वाहन में भी तोड़फोड़

पार्षद ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उनके भाई रवि अहिरवार के लोडिंग वाहन 'छोटा हाथी' के कांच को भी पत्थर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही दोबारा थाने जाने पर जान से खत्म करने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।

एएसपी मंजीत सिंह चावला ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों को  जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post