MP News: भोपाल में 12वीं की छात्रा ने की आत्महत्या, सप्लीमेंट्री परीक्षा में फेल होने से थी दुखी

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल। शाहपुरा इलाके में 17 वर्षीय 12वीं कक्षा की छात्रा ने आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि छात्रा सप्लीमेंट्री परीक्षा के परिणाम में असफल होने के बाद मानसिक रूप से परेशान थी। घटना बुधवार देर रात की है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें छात्रा ने अपने माता-पिता से माफी मांगी है।

मृतका की पहचान 17 वर्षीय निकिता दीवारे, निवासी पारस मेजेस्टी सिटी, शाहपुरा के रूप में हुई है। वह 12वीं कक्षा में मैथ्स-साइंस की छात्रा थी। 12वीं में सप्लीमेंट्री आने के बाद उसने दोबारा परीक्षा दी थी। बुधवार को रिजल्ट जारी होने पर उसके असफल होने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद वह काफी दुखी थी।

पहले भी की थी आत्महत्या की कोशिश

परिजनों के मुताबिक, सप्लीमेंट्री की जानकारी मिलने के बाद भी निकिता ने पहले आत्महत्या की कोशिश की थी। परिजनों ने उसे समझाया और सप्लीमेंट्री परीक्षा देकर आगे पढ़ाई जारी रखने के लिए हौसला दिया था। इसके बाद उसने परीक्षा की तैयारी की और मेहनत से परीक्षा दी, लेकिन दोबारा असफल होने से उसका मनोबल टूट गया।

सुसाइड नोट में माता-पिता से मांगी माफी

पुलिस को मिले सुसाइड नोट में छात्रा ने अपनी मौत के लिए खुद को जिम्मेदार बताया और माता-पिता से माफी मांगी। उसने माता-पिता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाने की बात भी लिखी है।

पुलिस ने मोबाइल और सुसाइड नोट जब्त किया

घटना की सूचना मिलने पर शाहपुरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार दोपहर शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने छात्रा का मोबाइल फोन और सुसाइड नोट भी जब्त किया है। दोनों की जांच कराई जा रही है।

थाना प्रभारी संतोष मरकाम के मुताबिक, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post