Jabalpur News: हाईवे पर घेराबंदी कर पकड़ी गई 19 लाख से अधिक की अवैध शराब, दमोह और घमापुर निवासी दो तस्कर चढ़े पुलिस के हत्थे

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
क्राइम ब्रांच और थाना तिलवारा पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब ले जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 192 पेटियों में 1664 बोतल और 2670 क्वार्टर, कुल 1713.600 लीटर अंग्रेजी शराब, दो मोबाइल फोन और शराब परिवहन में इस्तेमाल पिकअप वाहन जब्त किया है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 19 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस को बीती रात विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि अंधमुख बाईपास रोड की तरफ से जबलपुर-नागपुर रोड होते हुए ग्राम घाना की ओर एक पिकअप वाहन में भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए क्राइम ब्रांच और थाना तिलवारा की संयुक्त टीम ने जोधपुर पड़ाव पेट्रोल पंप के पास नेशनल हाईवे पर घेराबंदी कर वाहनों की निगरानी शुरू की।

कुछ देर बाद अंधमुख की तरफ से एक पिकअप वाहन ग्राम घाना की ओर आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने वाहन को रोककर उसकी घेराबंदी की। वाहन में चालक के अलावा एक अन्य व्यक्ति भी बैठा था। दोनों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

पूछताछ में पिकअप चालक ने अपना नाम घनश्याम झारिया पिता सुखलाल झारिया, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम खैरी, थाना जबेरा, जिला दमोह बताया। उसके बाजू में बैठे व्यक्ति ने अपना नाम राहुल यादव पिता महेश यादव, उम्र 28 वर्ष, निवासी चांदमारी तलैया, थाना घमापुर, जबलपुर बताया।

पुलिस ने पिकअप क्रमांक MP 20 ZQ 1873 की तलाशी ली तो वाहन के पीछे बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब की पेटियां रखी मिलीं। पुलिस के अनुसार कुल 192 पेटियों में अलग-अलग ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

जांच के दौरान 20 पेटियों में बैगपाइपर अंग्रेजी शराब के 960 क्वार्टर, 45 पेटियों में बैगपाइपर की 540 बोतल, 15 पेटियों में गोवा अंग्रेजी शराब के 750 क्वार्टर, 25 पेटियों में 8 पीएम अंग्रेजी शराब की 300 बोतल, 15 पेटियों में ऑफिसर्स च्वाइस की 180 बोतल और 10 पेटियों में मैकडॉवेल नंबर-1 की 120 बोतल मिलीं।

इसके अलावा 15 पेटियों में मैकडॉवेल नंबर-1 के 720 क्वार्टर, 10 पेटियों में ओल्ड मंक की 120 बोतल, 21 पेटियों में आइकोनिक अंग्रेजी शराब की 252 बोतल, 3 पेटियों में मैजिक मूवमेंट की 36 बोतल, 5 पेटियों में आइकोनिक अंग्रेजी शराब के 240 क्वार्टर और 8 पेटियों में रॉयल स्टैग की 96 बोतल बरामद की गईं।

पुलिस ने आरोपी घनश्याम झारिया के कब्जे से 192 पेटियों में कुल 1664 बोतल और 2670 क्वार्टर, कुल 1713.600 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की। शराब की कीमत करीब 17 लाख 12 हजार 646 रुपये बताई गई है। इसके अलावा घनश्याम के पास से एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन और शराब परिवहन में इस्तेमाल पिकअप वाहन, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये है, जब्त किया गया।

वहीं आरोपी राहुल यादव के कब्जे से एक कीपैड मोबाइल फोन बरामद किया गया। इस तरह पुलिस ने शराब, दो मोबाइल और पिकअप वाहन सहित करीब 19 लाख 20 हजार रुपये की सामग्री जब्त की है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब आरोपियों ने कहां से प्राप्त की थी और इसे जबलपुर में किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।

इस कार्यवाही में थाना प्रभारी तिलवारा बृजेश मिश्रा के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक जगदीश सिंह, आरक्षक प्रदीप झारिया, शैलेन्द्र पाटकर, राजेश गुप्ता, सुनील परवारी, वीरेन्द यादव, राहुल सनोडिया तथा थाना प्रभारी अपराध डीएसपी शैलेष मिश्रा के निर्देशन में क्राईम ब्रांच के सहायक उप निरीक्षक अशोक मिश्रा, कैलाश मिश्रा, प्रधान आरक्षक मनीष, सुतेन्द्र यादव, आरक्षक सतेन्द्र बिसेन, प्रीतम, आरक्षक चालक मुकेश तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक अमित पटेल की सराहनीय भूमिका रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post