दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उत्तराखंड के हल्द्वानी कार्यक्रम के बाद हुए कथित मंच शुद्धिकरण के विरोध में जबलपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। शुक्रवार शाम कांग्रेस कार्यकर्ता गांधी टाउन हॉल स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थल पर पहुंचे।
कांग्रेसियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और रामधुन गाकर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हल्द्वानी में खड़गे की सभा के बाद हिंदू संगठनों द्वारा मंच का पूजा-पाठ कर शुद्धिकरण किया जाना दलित समाज और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का अपमान है। कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया ने कहा कि उत्तराखंड में खड़गे के साथ हुई घटना ने पूरे देश को शर्मसार किया है।
कांग्रेस नेता सौरभ शर्मा ने भाजपा महानगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि जिस सीट पर भाजपा महानगर अध्यक्ष बैठते हैं, क्या उसे भी शुद्ध किया जाता है? उन्होंने कहा कि संविधान सभी धर्मों और वर्गों को समानता का अधिकार देता है, लेकिन भाजपा का रवैया दलितों के प्रति अलग नजर आता है।
कांग्रेस नगर अध्यक्ष ने भाजपा महानगर अध्यक्ष से उत्तराखंड की घटना पर अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन के अध्यक्ष होने के नाते रत्नेश सोनकर को इस पूरे मामले पर आत्ममंथन करना चाहिए।
ये रहे मौजूद
प्रदर्शन में ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष संजय यादव, दिनेश यादव, अतुल बाजपेयी, मनीष चंसोरिया, सरबजीत सिंह रील, नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, अनुराग गढ़वाल, पार्षद सतेंद्र चौबे गुड्डा, अयोध्या तिवारी, संतोष दुबे पंडा, प्रवक्ता विवेक यादव, युवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष सोनू कुकरेले, कलीम खान, महेश पसीने, मूकेश पटेल, अखलेश शर्मा, पुष्कल शर्मा, शुभम अग्रवाल, मनोज तिवारी आदि उपस्थित रहे।
Tags
jabalpur
