Jabalpur News: 'बाहर आकर जिंदा नहीं छोडूंगा'... जेल जाने से पहले दी थी धमकी, छूटने के महज 48 घंटे बाद दो युवकों को मारा चाकू, बदमाश पिंटू सुल्तानी गिरफ्तार, 2 साथी फरार

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र में जेल से रिहा होने के महज दो दिन बाद एक आदतन बदमाश ने पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद फरार हुए मुख्य आरोपी पिंटू सुल्तानी उर्फ पिंटू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो साथियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार आरोपी पिंटू सुल्तानी मुजावर मोहल्ले का निवासी है और उसके खिलाफ मारपीट, चाकूबाजी, अवैध वसूली सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुरानी रंजिश में किया हमला

जानकारी के मुताबिक पिंटू शुक्रवार को जेल से रिहा हुआ था। सोमवार देर रात उसने अपने साथियों अजय खान और एक अन्य युवक के साथ मिलकर मोहल्ले में रहने वाले समीर खान और उसके साथी से विवाद किया। विवाद बढ़ने पर तीनों ने दोनों युवकों पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए।

घटना में घायल समीर खान और उसके साथी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जेल जाने से पहले दी थी धमकी

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी और समीर खान के बीच पहले से विवाद चल रहा था। जांच के दौरान यह भी जानकारी मिली कि जेल जाने से पहले आरोपी ने समीर को कथित रूप से धमकी दी थी कि बाहर आने के बाद उसे जिंदा नहीं छोड़ेगा। पुलिस इसी पुरानी रंजिश को हमले की वजह मानकर जांच कर रही है।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दो आरोपियों की तलाश

गढ़ा थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा ने बताया कि मुख्य आरोपी पिंटू सुल्तानी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात में शामिल उसके दोनों साथी फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post