MP News: चलती पेंचवैली एक्सप्रेस के एसी कोच में लगी आग

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) भोपाल/इटारसी। नैनपुर से इंदौर जाने वाली पेंचवैली एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 19344) के बी-2 एसी कोच में बुधवार तड़के करीब 4 बजे आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना इटारसी से पहले पोला पत्थर स्टेशन के पास हुई। कोच में अचानक धुआं भरने और फायर अलार्म बजने के बाद यात्रियों ने चेन खींचकर ट्रेन रुकवाई। रेलवे कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए सभी 72 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग एसी पैनल में लगी, जिसके बाद वहां से धुआं और चिंगारियां निकलने लगीं। उस समय बी-2 कोच पूरी तरह भरा हुआ था और अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। धुआं फैलने से यात्रियों को सांस लेने में परेशानी होने लगी और कोच में दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही रेलवे के लगभग 35 अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची। तकनीकी जांच के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया और ट्रेन को आगे रवाना किया गया। प्रभावित बी-2 कोच के सभी यात्रियों को अन्य कोचों में स्थानांतरित कर उनकी यात्रा जारी कराई गई।

यात्रियों ने बताया कि आग लगने के दौरान फायर अलार्म लगातार बज रहे थे और कोच की लाइटें बंद-चालू हो रही थीं। धुएं के कारण एक दरवाजा भी बंद हो गया, जिसके चलते यात्रियों को दूसरे दरवाजे से सुरक्षित बाहर निकाला गया। जल्दबाजी में कई यात्री अपना सामान कोच में ही छोड़कर उतर गए।

यात्री हरिओम वर्मा ने बताया कि वह बी-2 कोच की सीट संख्या 39 पर यात्रा कर रहे थे। अचानक धुआं उठने और फायर अलार्म बजने से सभी यात्री घबरा गए। उन्होंने बताया कि ट्रेन करीब एक घंटे तक जंगल के बीच रुकी रही, जिसके बाद रेलवे ने सभी यात्रियों को दूसरे कोचों में समायोजित कर इटारसी तक सुरक्षित पहुंचाया।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि जिन यात्रियों को थर्ड एसी के स्थान पर स्लीपर या अन्य श्रेणी में यात्रा करनी पड़ी है, उन्हें किराए का अंतर वापस किया जाएगा। इसके लिए टीटीई संबंधित यात्रियों को प्रमाण-पत्र जारी करेगा, जिसके आधार पर यात्रा पूरी होने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत रिफंड दिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post