दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के रांझी स्थित गांधी चौक इलाके में नगर निगम की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां पिछले 20 वर्षों से रह रही राधा यादव को नगर निगम ने 22,874 रुपये का पानी और अन्य करों का बिल भेज दिया, जबकि उनके घर में आज तक नल कनेक्शन ही नहीं है।
राधा यादव के अनुसार, जब नगर निगम के कर्मचारी बिल लेकर पहुंचे और भुगतान करने को कहा, तो उन्होंने बताया कि उनके घर में पानी का नल ही नहीं है। कर्मचारियों ने दावा किया कि बिल उसी नल का है, जिससे वह पानी भरती हैं। इस पर राधा उन्हें घर ले गईं और दिखाया कि वहां कोई नल कनेक्शन मौजूद नहीं है। उन्होंने बताया कि वह घर से करीब 50 मीटर दूर स्थित सार्वजनिक नल और हैंडपंप से पानी लाकर परिवार की जरूरतें पूरी करती हैं। स्थिति देखने के बाद कर्मचारी बिना कुछ कहे लौट गए।
बिल में संपत्ति कर के साथ-साथ पानी, नाली सफाई और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण शुल्क भी जोड़ा गया है। राधा का कहना है कि उनके मोहल्ले में कचरा गाड़ी भी कभी नहीं आती, फिर भी उनसे उसका शुल्क वसूला जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब नल कनेक्शन और कचरा संग्रहण जैसी सुविधाएं ही नहीं मिल रहीं, तो वह एक रुपये का भी भुगतान नहीं करेंगी।
मामले की शिकायत राधा यादव ने रांझी जोन कार्यालय में दर्ज कराई है। जोन नंबर-10 के संभागीय अधिकारी नरेश शर्मा ने बताया कि पंचायत क्षेत्र के नगर निगम में शामिल होने के दौरान रिकॉर्ड में तकनीकी गड़बड़ी हुई हो सकती है। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि किसी अन्य व्यक्ति का बिल गलती से राधा यादव के पते पर पहुंच गया हो।
नगर निगम ने शिकायत स्वीकार करते हुए पटवारी और विभागीय टीम को मौके पर भेजकर भौतिक सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में नल कनेक्शन नहीं होने की पुष्टि होती है तो रिकॉर्ड में तत्काल सुधार कर गलत बिल निरस्त किया जाएगा।
Tags
jabalpur
