Jabalpur News: आगा चौक उजारपुरवा निवासी युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक को मारी टक्कर; साथी गंभीर रूप से घायल

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मझगवां थाना क्षेत्र के फनवानी मोड़ पर बीती रात तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आने से बाइक सवार 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने हाईवा जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार आगा चौक, उजारपुरवा निवासी सचिन केसरवानी पिता संतोष केसरवानी अपने साथी रवि कनौजिया के साथ बाइक से फनवानी मोड़ से गुजर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत

हादसे की सूचना मिलते ही मझगवां पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए सिहोरा अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सचिन केसरवानी को मृत घोषित कर दिया। वहीं रवि कनौजिया की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया।

मौत की खबर से परिवार में मातम

सचिन की मौत की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। युवक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। आगा चौक और उजारपुरवा क्षेत्र में भी घटना के बाद शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हाईवा जब्त, चालक की तलाश

हादसे के बाद चालक हाईवा मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को जब्त कर लिया है। घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ कर हादसे की परिस्थितियों और फरार चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मझगवां पुलिस ने चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post