दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) कोटा। राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में मध्यप्रदेश के 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। सभी श्रद्धालु टेम्पो ट्रैवलर (मिनी बस) से खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए जा रहे थे। हादसा इतना भयावह था कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री सीटों के बीच फंस गए। मृतकों में बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र के 7 लोग और भोपाल का एक व्यक्ति शामिल है। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश से श्रद्धालुओं का समूह शुक्रवार को भोपाल से खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए रवाना हुआ था। शनिवार सुबह करीब 6 बजे राजस्थान के कोटा शहर से लगभग 35 किलोमीटर दूर कराड़िया टोल के पास मिनी बस अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 15 फीट नीचे नाले में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और राहत-बचाव दल ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
सीटों के बीच फंसे यात्री, खिड़कियां तोड़कर निकाला
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। दुर्घटना के समय अंधेरा होने के कारण बचाव कार्य में कुछ देरी हुई। वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। कई यात्रियों के शव सीटों के बीच फंसे हुए थे, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। घायलों को निकालने के लिए वाहन की खिड़कियां भी तोड़नी पड़ीं।
रेस्क्यू टीम के एक सदस्य के अनुसार, वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक मृतक का शव डैशबोर्ड के कांच को तोड़ते हुए बाहर की ओर आ गया था।
ड्राइवर को झपकी आने की आशंका
पुलिस अधिकारियों को आशंका है कि वाहन चालक को झपकी आने के कारण यह दुर्घटना हुई होगी। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घायलों के सिर में गंभीर चोटें, कई को ऑक्सीजन सपोर्ट
हादसे में घायल लोगों को कोटा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों के अनुसार, अधिकतर घायलों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि कई के हाथ-पैर में फ्रैक्चर हैं। सीटों के बीच फंसने और वाहन के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण यात्रियों को गंभीर चोटें पहुंचीं।
न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाए गए कुछ घायल बेसुध अवस्था में थे। चिकित्सकों ने उन्हें सीपीआर दिया और कई घायलों को ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया। घायलों का उपचार जारी है।
परिवार के 23 सदस्य निकले थे खाटूश्यामजी के दर्शन करने
हादसे में जान गंवाने वाली अरुणा झरबड़े के देवर योगेश झरबड़े ने बताया कि परिवार के कुल 23 सदस्य शुक्रवार को भोपाल से मिनी बस में सवार होकर खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए निकले थे। समूह में बैतूल जिले के घाट बिरोली, सिरखेड़, पटन, मीरापुर और खेड़ी रामोसी सहित आसपास के क्षेत्रों के लोग शामिल थे।
योगेश झरबड़े के मुताबिक, हादसे में ओम सूर्यवंशी की भी मौत हुई है। ओम उनके भतीजे मोनीष का दोस्त था और दुर्घटना के समय वाहन चला रहा था। मोनीष भी हादसे में घायल हुआ है।
घाट बिरोली सहित आसपास के गांवों में मातम
हादसे की खबर सामने आने के बाद बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र में शोक का माहौल है। घाट बिरोली गांव के लोगों ने बताया कि हादसे में एक साथ कई लोगों की जान जाने से पूरा गांव सदमे में है। परिजन अपनों के शवों के गांव पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।
Tags
national
