दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। धनवंतरी नगर चौकी क्षेत्र स्थित जसूजा सिटी में चल रहे गरबा आयोजन के दौरान बीती रात जमकर हंगामा मच गया। प्रतिभागियों की आईडी जांच करने पहुंचे हिंदू संगठन के पदाधिकारियों और आयोजकों के सुरक्षा कर्मियों के बीच उपजा विवाद देखते ही देखते झूमाझटकी में बदल गया। आरोप है कि होटल में तैनात महिला बाउंसरों ने हिंदू संगठन की महिलाओं के साथ मारपीट की। घटना की सूचना मिलते ही कई थानों के प्रभारी और सीएसपी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, जिससे आयोजन स्थल से लेकर मुख्य मार्ग तक अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आईडी चेकिंग से बढ़ा विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जसूजा सिटी में आयोजित गरबा कार्यक्रम के दौरान हिंदू संगठन के पदाधिकारी पहुंचे थे और वे कार्यक्रम में शामिल होने वाले प्रतिभागियों के पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच कर रहे थे। इसी बात को लेकर आयोजकों के सुरक्षा कर्मियों से उनकी कहासुनी शुरू हो गई जो जल्द ही हाथापाई में तब्दील हो गई। संगठन की महिला पदाधिकारियों का गंभीर आरोप है कि मौके पर मौजूद महिला बाउंसरों ने उनके साथ मारपीट की।
सड़क पर हंगामा और चक्काजाम
गरबा पंडाल में विवाद की खबर फैलते ही हिंदू संगठन के अन्य कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए और आक्रोश जताने लगे। तनावपूर्ण स्थिति के बीच कार्यकर्ताओं ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया। हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी। अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद मामला शांत हुआ और यातायात सुचारू हो सका।
दोनों पक्षों के अपने-अपने दावे
मामले को लेकर दोनों पक्षों की तरफ से अलग-अलग बयान सामने आए हैं। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष मिश्रा का कहना है कि जसूजा सिटी में गरबा का आयोजन चल रहा था, और मौके पर कुछ असामाजिक तत्व चाकू लेकर पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि तथाकथित संगठन के लोगों ने बेवजह विवाद खड़ा किया है। पुलिस प्रशासन को संपूर्ण वीडियो फुटेज की जांच कर संबंधित लोगों पर प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए। दूसरी ओर, हिंदू संगठन के लोगों का आरोप है कि आईडी जांच के दौरान उनके साथ अभद्रता की गई और महिला बाउंसरों ने मारपीट की।
पुलिस जांच जारी
घटना के संबंध में एएसपी पल्लवी शुक्ला ने बताया कि धनवंतरी नगर चौकी क्षेत्र में गरबा के दौरान हुए विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास के वीडियो फुटेज की जांच कर रही है और मामले में विस्तृत पूछताछ के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Tags
jabalpur
