Jabalpur News: शराब न पिलाने पर दोस्त ही बने दुश्मन, बल्दीकोरी की दफाई में युवक को मारा चाकू, मेडिकल में भर्ती

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। थाना घमापुर क्षेत्र में शराब पिलाने से मना करने की बात पर एक युवक के साथ मारपीट और चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घायल युवक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, 25 वर्षीय सूर्यकांत वंशकार उर्फ मिट्ठू, निवासी करिया पाथर, मजदूरी करता है। उसने बताया कि बीती रात करीब 11 बजे वह शराब लेने धर्मशाला के पास गया था, लेकिन वहां शराब नहीं मिली। इसी दौरान उसके परिचित अन्नू चौधरी और विक्का काले रंग की मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे। सूर्यकांत ने दोनों से कहा कि उसे भी शराब नहीं मिली है, इसलिए कहीं और चलकर शराब लेते हैं।

इसके बाद तीनों बल्दीकोरी की दफाई स्थित मन्ना की दुकान पहुंचे, जहां सूर्यकांत ने एक पाव शराब खरीदी। वह वहां से जाने लगा तो अन्नू ने साथ बैठकर शराब पीने के लिए कहा। सूर्यकांत ने घर जाकर शराब पीने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों उससे शराब पिलाने की मांग करने लगे। मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि अन्नू ने चाकू से हमला कर सूर्यकांत की आंख के पास चोट पहुंचाई और दोबारा हमला कर पेट व कंधे में भी चोटें पहुंचाईं। जान बचाकर घर की ओर भागते समय सूर्यकांत मैदान में गिर गया। परिजन उसे विक्टोरिया अस्पताल ले गए, जहां से हालत के चलते मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

घटना की रिपोर्ट पर थाना घमापुर पुलिस ने धारा 296(बी), 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post