दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) सिंगरौली। मध्य प्रदेश के पूर्व नेता प्रतिपक्ष और चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल ने कांग्रेस को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए एकजुट होकर मैदान में उतरने की नसीहत दी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस बार भी कांग्रेस चुनाव जीतकर सरकार नहीं बना पाई, तो आने वाले समय में पार्टी की स्थिति और खराब हो सकती है। उन्होंने नेताओं और कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर संगठन को मजबूत करने और मिलकर चुनाव लड़ने की अपील की।
अजय सिंह राहुल बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर सिंगरौली पहुंचे थे। जिला मुख्यालय पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस सेवादल के विशेष प्रशिक्षण अभियान की शुरुआत की। अभियान में सतना, रीवा, सीधी और सिंगरौली के सेवादल कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
25 साल से सत्ता से बाहर कांग्रेस
बुधवार शाम करीब 5 बजे कांग्रेस के शहर अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान के आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में अजय सिंह राहुल ने पार्टी की मौजूदा स्थिति और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि दो साल बाद कांग्रेस को मध्य प्रदेश की सत्ता से बाहर हुए 25 साल पूरे हो जाएंगे। ऐसे में पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव लड़ने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता चुनाव में बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए महत्वपूर्ण है। सेवादल का विशेष प्रशिक्षण अभियान कार्यकर्ताओं को तैयार करने और संगठन को मजबूत बनाने में मददगार साबित होगा।
विस्थापित परिवारों की मदद प्राथमिकता में
सिंगरौली जिले की कोयला खदानों से जुड़े विस्थापन और प्रभावित परिवारों के शोषण के मुद्दे पर भी अजय सिंह राहुल ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर विस्थापित परिवारों की मदद प्राथमिकता के आधार पर की जाएगी।
उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी को अभी से तैयारी शुरू करने की जरूरत बताई। उनका कहना था कि कांग्रेस को बेहतर नतीजे हासिल करने के लिए आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर सामूहिक प्रयास करने होंगे।
Tags
madhya pradesh
