Jabalpur News: कछियाना इलाके में बदमाशों ने युवक को चाकू से गोदा, फिर मारी गोली; हवाई फायरिंग कर भागे

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर के लार्डगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कछियाना इलाके में सोमवार रात हुए विवाद में एक युवक पर हमला कर दिया गया। आरोप है कि शराब पीने के लिए पैसे देने से इनकार करने पर बदमाशों ने पहले युवक पर चाकू से वार किया और फिर गोली चला दी। गोली युवक के घुटने में लगी। वारदात के बाद आरोपी हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।

थाना प्रभारी नवल सिंह आर्य के अनुसार, घटना सोमवार रात करीब 11:30 बजे की है। कछियाना निवासी तरुण मिर्गे से कुछ बदमाशों ने शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। तरुण ने जब रुपए देने से इनकार किया, तो उनके बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोपियों ने पहले तरुण पर चाकू से हमला किया और फिर पिस्तौल से गोली चला दी। गोली उसके घुटने में जा लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा।

निजी अस्पताल में भर्ती, आज होगा ऑपरेशन

घटना के बाद घायल तरुण को परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक, गोली उसके पैर में फंसी हुई है, जिसे निकालने के लिए आज ऑपरेशन किया जाएगा। फिलहाल चिकित्सकों की टीम उसकी स्थिति पर नजर रखे हुए है।

वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। वहीं, पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और तलाश के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। 

Post a Comment

Previous Post Next Post