Jabalpur News: भंडारे के दौरान हुए विवाद में घायल पारस की मौत, व्हीकल मोड़ पर शव रखकर प्रदर्शन; आरोपियों के घर बुलडोजर चलाने की मांग

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के आजाद नगर गोकलपुर में भंडारे के दौरान हुए विवाद में चाकू, लाठी-डंडों और ईंटों से हमला किए जाने के मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। हमले में घायल पारस यादव की सोमवार रात मेडिकल अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। मंगलवार को आक्रोशित लोगों ने व्हीकल मोड़ पर शव रखकर प्रदर्शन किया और आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने के साथ ही परिवार को 10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की।

प्रदर्शन के चलते व्हीकल मोड़ से गुजरने वाले तीनों मार्गों पर लंबा जाम लग गया। यातायात प्रभावित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी। प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों पर कार्रवाई के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया। अधिकारियों की समझाइश के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

भंडारे के दौरान शुरू हुआ था विवाद


पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, 25 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे दुर्गा मंदिर, मरघटाई के पीछे आजाद नगर गोकलपुर में भंडारा चल रहा था। इस दौरान रविशंकर गोटिया अपने साथियों गंगा ठाकुर और बबलू तिवारी के साथ मंदिर के सामने सड़क पर खड़े थे। तभी समीर वंशकर का बेटा यश तेज गति से बाइक लेकर वहां से निकला। भंडारे में लोगों की मौजूदगी के कारण उसे बाइक धीरे चलाने के लिए कहा गया, जिस पर विवाद हो गया। इसके बाद यश वहां से चला गया।

आरोप है कि कुछ देर बाद समीर वंशकर अपने साथियों रोहित, यश और छोटू सहित अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचा। उन्होंने मोहल्ले में कार्यक्रम आयोजित करने के बदले पांच हजार रुपये की मांग की। रुपये देने से इनकार करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने कथित तौर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों को भी निशाना बनाया गया। आरोप है कि समीर ने चाकू से पप्पू बर्मन और अनुज कोल पर हमला किया, जबकि अन्य लोगों ने लाठी-डंडों और ईंटों से मारपीट की। इस घटना में पारस यादव समेत आठ लोग घायल हुए थे।

इलाज के दौरान पारस ने तोड़ा दम


घटना के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल भेजा गया था। पारस यादव की हालत गंभीर बनी हुई थी। सोमवार रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद मामला और संवेदनशील हो गया। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए शव के साथ प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाए और आरोपियों के अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई की जाए।

मुख्य आरोपी समीर वंशकर सहित छह गिरफ्तार

रांझी पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी समीर वंशकर सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, वारदात में इस्तेमाल किए गए चाकू और लाठी भी बरामद किए गए हैं। पारस की मौत के बाद पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।

एसडीएम और सीएसपी पहुंचे मौके पर


प्रदर्शन के दौरान रांझी एसडीएम गगन सिंह और रांझी सीएसपी सतीश साहू सहित अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने परिजनों और स्थानीय लोगों से चर्चा कर उनकी मांगें सुनीं। प्रदर्शनकारियों ने मांगों पर कार्रवाई के लिए 24 घंटे का समय दिया है। अब सभी की नजरें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post