Jabalpur News: सूने घरों को निशाना बनाने वाले दो शातिर नकबजन गिरफ्तार, 25 ग्राम सोना और 1.5 किलो चांदी जब्त

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र में हुई नकबजनी की चार वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए करीब 25 ग्राम सोने और 1500 ग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। जब्त मशरूका की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान अधारताल क्षेत्र में हुई चार नकबजनी की घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप दीप घसिया (25), निवासी घसिया कॉलोनी, ठक्कर ग्राम, अधारताल और चिंटू उर्फ अनूप कुमार (30), निवासी घसिया कॉलोनी, ठक्कर ग्राम, अधारताल के रूप में हुई है। अनूप कुमार का स्थायी पता भिलाई पावर हाउस, थाना छावनी, जिला दुर्ग, छत्तीसगढ़ बताया गया है।

पुलिस के मुताबिक, पहली घटना में रविंद्र नगर निवासी अंकुर तिवारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 27 जून 2026 की रात वह अपनी मां को लेकर संजीवनी अस्पताल गए थे, जहां उनके पिता पहले से भर्ती थे। अगले दिन सुबह घर लौटने पर अंदर के दरवाजे का ताला टूटा मिला और कमरे में रखी अलमारी का सामान बिखरा हुआ था। घर से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी होने पर अधारताल थाने में अपराध क्रमांक 665/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया।

दूसरी घटना में इंडस्ट्रियल एरिया अधारताल निवासी उमा यादव ने शिकायत की थी कि 28 जून की शाम वह अपनी बेटी के साथ बाजार गई थीं। रात करीब 10 बजे घर लौटने पर अलमारी और लॉकर के ताले टूटे मिले। जांच करने पर सोने-चांदी के जेवरात गायब पाए गए। इस मामले में अपराध क्रमांक 688/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

तीसरी वारदात महाकौशल नगर निवासी 70 वर्षीय शिवबहादुर सिंह के घर हुई। वह अपनी पत्नी के साथ इलाज कराने बेंगलुरु गए थे। 9 अक्टूबर को जबलपुर लौटने पर घर के ताले टूटे मिले और सामान बिखरा हुआ था। अलमारी के लॉकर से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी गायब थी। पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 1065/2026 दर्ज किया।

चौथी घटना पुष्पक नगर निवासी सुरेंद्र कुमार यादव के घर हुई। उन्होंने पुलिस को बताया कि 19 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे वह परिवार के साथ दुर्गा दर्शन के लिए घर में ताला लगाकर गए थे। रात करीब 12:40 बजे लौटने पर घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अलमारी से चांदी की दो पायल, एक नथ, सोने की एक बेंदी और चार पुराने चांदी के सिक्के गायब थे। इस मामले में अपराध क्रमांक 1085/2026 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

लगातार सामने आ रही नकबजनी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने और चोरी गए सामान की बरामदगी के निर्देश दिए थे। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक अधारताल राजेश्वरी कौरव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थलों के आसपास और आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए संभावित रास्तों के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में दिखाई दिए हुलिए के आधार पर संदिग्धों की तलाश की गई। इसके बाद संदीप दीप घसिया और चिंटू उर्फ अनूप कुमार को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने अधारताल क्षेत्र की चार नकबजनी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर करीब 25 ग्राम सोने और 1500 ग्राम चांदी के जेवरात गवाहों की मौजूदगी में जब्त किए गए।

Post a Comment

Previous Post Next Post