दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत पर लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार, 27 अक्टूबर को राज्य जीएसटी (SGST) विभाग के वाणिज्यिक कर अधिकारी मनीष कुमार जैन के ठिकानों पर छापेमारी की। सुबह 6 बजे से जबलपुर, भोपाल और सागर में एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया गया। लोकायुक्त की शुरुआती जांच में अधिकारी की ज्ञात आय की तुलना में कई गुना अधिक व्यय सामने आने का दावा किया गया है। टीम संपत्तियों, निवेश और खर्च से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।
लोकायुक्त के अनुसार, मनीष कुमार जैन की कुल ज्ञात आय 1 करोड़ 3 लाख 73 हजार 317 रुपए आंकी गई है, जबकि उनका कुल व्यय 3 करोड़ 78 लाख 25 हजार 707 रुपए पाया गया। इस तरह शुरुआती जांच में आय से लगभग 2 करोड़ 74 लाख 52 हजार 390 रुपए अधिक व्यय सामने आया है। जांच एजेंसी के मुताबिक, यह व्यय ज्ञात आय का 364.64 प्रतिशत है, जबकि आय से अधिक व्यय 264.64 प्रतिशत बताया गया है।
लोकायुक्त एसपी अंजूलता पटले को अधिकारी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिली थी। शिकायत का सत्यापन निरीक्षक बृज मोहन सिंह नरवरिया ने किया। शुरुआती जांच में शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(1)(बी) और 13(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान अधिकारी के अलावा उनकी पत्नी निधि जैन, पिता कोमलचंद जैन और माता शशि जैन के नाम पर भी संपत्तियों की जानकारी सामने आई है। इनमें जबलपुर और भोपाल में जमीन, प्लॉट, बंगला और फ्लैट के साथ सागर जिले के बंडा में आवासीय भूखंडों पर बने मकान शामिल हैं। लोकायुक्त की टीमें इन संपत्तियों से संबंधित दस्तावेजों और उनके मूल्य का सत्यापन कर रही हैं।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जबलपुर में मनीष कुमार जैन के नाम पर 278.74 वर्गमीटर भूमि की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 43 लाख 60 हजार 880 रुपए बताई गई है। उनकी पत्नी निधि जैन के नाम पर जबलपुर में 116.14 वर्गमीटर के दो प्लॉट का उल्लेख किया गया है, जिनमें प्रत्येक की अनुमानित कीमत 9 लाख 56 हजार 375 रुपए बताई गई है। इसके अलावा भोपाल में पत्नी के नाम पर 180 वर्गमीटर भूमि पर बना बंगला, 402.41 वर्गमीटर का प्लॉट और 83.18 वर्गमीटर का फ्लैट भी जांच के दायरे में हैं। इनकी अनुमानित कीमत क्रमशः 22 लाख 87 हजार 126 रुपए, 13 लाख 68 हजार 550 रुपए और 13 लाख 34 हजार 630 रुपए बताई गई है।
सागर जिले के बंडा में अधिकारी की माता शशि जैन के नाम पर 92.93 वर्गमीटर के प्लॉट पर बने मकान की अनुमानित कीमत 23 लाख 49 हजार 140 रुपए बताई गई है। वहीं, पिता कोमलचंद जैन के नाम पर 91.07 वर्गमीटर के प्लॉट पर बने मकान की कीमत 43 लाख 19 हजार 388 रुपए और 111.48 वर्गमीटर के प्लॉट पर बने मकान की कीमत 2 लाख 86 हजार 485 रुपए दर्ज की गई है।
जांच में पत्नी निधि जैन के नाम पर मारुति स्विफ्ट कार और सुजुकी एक्सेस स्कूटर की जानकारी भी सामने आई है। दोनों वाहनों की अनुमानित कीमत 5 लाख 10 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा अधिकारी और परिवार के सदस्यों के नाम पर बीमा पॉलिसियां भी मिली हैं, जिनकी कुल राशि 33 लाख 93 हजार 986 रुपए बताई गई है।मनीष कुमार जैन जबलपुर की रिलाएबल डेवलपर कॉलोनी में रहते हैं और वर्तमान में दमोह में वाणिज्यिक कर अधिकारी के पद पर पदस्थ हैं। लोकायुक्त की अलग-अलग टीमें उनके ठिकानों पर संपत्ति और व्यय से जुड़े दस्तावेज खंगाल रही हैं। जांच के बाद ही संपत्तियों के वास्तविक मूल्य, उनके स्वामित्व और आय के स्रोतों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल सामने आए आंकड़े शुरुआती जांच पर आधारित हैं और मामले में आगे की जांच जारी है।


