Jabalpur News: बेटी को परेशान करने का विरोध किया तो पिता पर चाकू से हमला: रात 1 बजे घायल को लेकर थाने पहुंची छोटी बेटी, बोली- आरोपी की बहन TI, 4 FIR के बाद भी कार्रवाई नहीं


दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात चाकू से हमले का मामला सामने आया है। रात करीब 1 बजे 22 वर्षीय युवती अपने घायल पिता हीरालाल साहनी को लेकर थाने पहुंची। युवती ने आरोप लगाया कि इलाके में रहने वाले दो युवकों के खिलाफ वह पहले भी चार बार शिकायत कर चुकी है, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से उनके हौसले बुलंद हैं।

युवती के मुताबिक, रात करीब 12 बजे उसके पिता मुकादमगंज से दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान हेमंत सिंह राजपूत और अभिनव यादव ने उन्हें रास्ते में रोककर चाकू से हमला कर दिया। घायल पिता की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पांच साल से बड़ी बहन को परेशान करने का आरोप

हाउसिंग बोर्ड निवासी युवती ने पुलिस को बताया कि करीब पांच साल पहले उसकी बड़ी बहन की हेमंत सिंह राजपूत से दोस्ती थी। बाद में बहन ने उससे बातचीत बंद कर दी, जिसके बाद वह कथित तौर पर उसे धमकाने लगा। युवती का आरोप है कि बहन के इनकार करने पर उसके साथ मारपीट की गई और घर के सामने बम भी फेंके गए।

युवती ने यह भी दावा किया कि हेमंत की कथित प्रताड़ना से परेशान होकर उसकी बड़ी बहन ने आत्महत्या की कोशिश की थी। इसके अलावा, करीब एक सप्ताह पहले उसके भाई मोहित साहनी पर भी हेमंत और उसके साथियों ने हमला कर उसे घायल कर दिया था।


पुलिस पर दबाव में कार्रवाई नहीं करने का आरोप

युवती ने सिविल लाइन पुलिस पर आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद उचित कार्रवाई नहीं की गई। उसका दावा है कि हेमंत की बहन कंचन सिंह राजपूत पुलिस विभाग में टीआई हैं, जिसके चलते पुलिस दबाव में कार्रवाई नहीं कर रही है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

सीएसपी बोले- शिकायतों की भी होगी जांच

सीएसपी सोनू कुर्मी ने बताया कि युवती की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। हमला करने वाले आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम भेजी गई है। उन्होंने कहा कि यदि युवती ने पहले भी शिकायतें की थीं और उन पर कार्रवाई नहीं हुई, तो इस पहलू की भी जांच कराई जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post