दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में देवी-देवताओं और पवित्र प्रतीकों के नाम पर संचालित मांस-मछली की दुकानों को लेकर हिंदू धर्म सेना ने आपत्ति जताई है। संगठन ने कलेक्ट्रेट परिसर में कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर ऐसी दुकानों के नाम बदलवाने और दूध की बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण लगाने की मांग की है।
हिंदू धर्म सेना के अध्यक्ष नीरज राजपूत ने कहा कि घंटाघर सहित शहर के कई इलाकों में मांस-मछली बेचने वाली दुकानों के नाम देवी-देवताओं और पवित्र प्रतीकों पर रखे गए हैं। संगठन का कहना है कि इससे हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। ज्ञापन में घंटाघर स्थित 'शुभ नॉनवेज' और एक अन्य स्थान पर संचालित 'लक्ष्मी चिकन' दुकान का उल्लेख किया गया है।
संगठन ने प्रशासन से ऐसी दुकानों की सूची तैयार कराने, उनके संचालकों को नोटिस जारी करने और दुकानों के नाम बदलवाने की मांग की है। साथ ही, भविष्य में मांस-मटन की दुकानों के लिए ऐसे नामों की अनुमति नहीं देने की मांग भी उठाई है, जिनसे धार्मिक भावनाएं आहत होने की आशंका हो। नीरज राजपूत ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने इस मामले में कार्रवाई नहीं की, तो संगठन अपने स्तर पर कदम उठाएगा।
ज्ञापन में दूध की बढ़ती कीमतों का मुद्दा भी उठाया गया। नीरज राजपूत ने कहा कि दूध के दाम अचानक बढ़ने से आम लोगों के घरेलू बजट पर असर पड़ रहा है। संगठन ने प्रशासन से दूध की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
