दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के पंजाब बैंक कॉलोनी उखरी में गाली देने से मना करने पर एक युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में घायल युवक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, पंजाब बैंक कॉलोनी उखरी निवासी 29 वर्षीय जितेन्द्र पटेल आईसीआई बैंक में नौकरी करता है। वह दुर्गा प्रतिमा के दर्शन कर वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान शिवधाम गली, गणेश चौक के पास उसे पहचान का मुड़िया अपने एक साथी के साथ मिला। आरोप है कि मुड़िया ने जितेन्द्र को देखते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। जितेन्द्र ने गाली देने से मना किया तो मुड़िया के साथी ने उसे पकड़ लिया। इसी दौरान मुड़िया ने जान से मारने की नीयत से चाकू से जितेन्द्र के पेट पर वार किया।
जितेन्द्र बचने के लिए घूम गया, जिससे चाकू का वार उसकी कमर में लगा और वह घायल होकर वहीं गिर पड़ा। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल जितेन्द्र को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए। जितेन्द्र की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने धारा 296(बी), 109(1), 3(5) बीएनएस के तहत दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
Tags
jabalpur
