Jabalpur News: नाबालिग ने कुत्ते पर दो बार चढ़ाई कार, CCTV आया सामने, परिजनों पर गाली-गलौज का आरोप; देखे वीडियो

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। विजयनगर थाना क्षेत्र स्थित मुस्कान प्लाजा अपार्टमेंट में एक आवारा कुत्ते को कार से कुचलने का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। आरोप है कि अपार्टमेंट में रहने वाले सोनी परिवार के नाबालिग बच्चों ने कार निकालते समय गेट पर बैठे कुत्ते के ऊपर दो बार कार चढ़ा दी। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। हादसे में घायल कुत्ते का इलाज जारी है। वहीं, कुत्ते के इलाज की बात कहने पर परिजनों द्वारा सोसायटी के रहवासियों से गाली-गलौज करने का आरोप भी लगाया गया है।

गार्ड ने दी थी कुत्ते के बैठे होने की जानकारी

सोसायटी के रहवासियों के मुताबिक, गुरुवार रात जब कार अपार्टमेंट से बाहर निकाली जा रही थी, उस समय गेट के पास एक आवारा कुत्ता बैठा हुआ था। आरोप है कि सिक्योरिटी गार्ड ने चालक को पहले ही कुत्ते के वहां बैठे होने की जानकारी दे दी थी। इसके बावजूद कार चालक ने कथित तौर पर लापरवाही बरती।

सामने आए सीसीटीवी फुटेज में कार को कुत्ते के ऊपर चढ़ते हुए देखा जा सकता है। रहवासियों का आरोप है कि चालक ने पहले कार कुत्ते के ऊपर चढ़ाई, फिर पीछे की और दोबारा कार आगे बढ़ाते हुए कुत्ते को कुचल दिया।

घायल कुत्ते का इलाज जारी


घटना में घायल हुए कुत्ते का इलाज जारी है। सोसायटी के रहवासी कुत्ते की स्थिति को लेकर चिंतित हैं। उनका आरोप है कि घटना के बाद जब उन्होंने नाबालिग के परिजनों से घायल कुत्ते का इलाज कराने की बात कही, तो विवाद हो गया।

रहवासियों का कहना है कि परिजन नाराज हो गए और उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। इस विवाद का एक अन्य वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक दंपती कथित तौर पर सोसायटी के लोगों से गाली-गलौज करते और आपत्तिजनक इशारे करते दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

घटना को लेकर सोसायटी के रहवासियों ने विजयनगर थाना पुलिस से शिकायत की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज और शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post