दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोराबजार थाना क्षेत्र अंतर्गत बिलहरी में हुई 19 वर्षीया युवती की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। चरित्र पर संदेह के चलते एक युवक ने युवती के साथ मारपीट कर उसका सिर जमीन पर पटक दिया और गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर गठित टीम ने आरोपी को कटियाघाट से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी मौत
ग्राम घुघरी (थाना बीजाडांडी, जिला मंडला) निवासी सूबे सिंह आर्मो ने पुलिस को बताया कि उनकी 19 वर्षीया बेटी नंदनी आर्मो पिछले 3 महीनों से अपनी छोटी बहन देववती और गांव की सीमा बाई के साथ बिलहरी (जबलपुर) में रहकर मजदूरी करती थी। 4 अक्टूबर की शाम लगभग 7 बजे छोटी बेटी देववती ने फोन पर सूचना दी कि नंदनी कमरे में बेहोश पड़ी है। परिजन तुरंत बिलहरी पहुंचे और परिजनों व प्रमोद महोबिया की मदद से उसे पहले बरेला शासकीय अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत के कारण विक्टोरिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। रात करीब 10:55 बजे डॉक्टरों ने नंदनी को मृत घोषित कर दिया।
मर्ग जांच में खुला हत्या का राज
घटना की सूचना पर गोराबजार पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पुलिस द्वारा मृतका की बहन, पिता और अन्य साक्षियों के बयान दर्ज किए गए। बयानों में खुलासा हुआ कि प्रमोद महोबिया ने नंदनी के साथ बेरहमी से मारपीट की, उसका सिर जमीन पर पटका और गला दबा दिया, जिससे सिर में आई गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई। बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी प्रमोद महोबिया के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(3) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया।
किसी और से बात करने के शक में की हत्या
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सम्पत उपाध्याय के आदेश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-4 सुश्री अंजना तिवारी के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी गोराबजार संजीव त्रिपाठी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने कटियाघाट (बरेला) में दबिश देकर 34 वर्षीय आरोपी प्रमोद महोबिया को धर दबोचा।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि वह गौर बिलहरी के पास शिकमी पर खेत लेकर खेती करता था, जहां उसकी पहचान नंदनी से हुई थी। वह नंदनी को पसंद करता था, लेकिन उसे शक था कि नंदनी किसी अन्य व्यक्ति से बात करती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आकर उसने मारपीट कर नंदनी का सिर जमीन पर पटक दिया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
आरोपी को भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी प्रमोद महोबिया को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। हत्या के आरोपी को तत्परता से गिरफ्तार करने में गोराबजार थाना प्रभारी संजीव त्रिपाठी, उप निरीक्षक भोला प्रसाद मरावी, उप निरीक्षक कपिल शर्मा, प्रधान आरक्षक आशीष डेहरिया, आरक्षक मिथुन एवं संदीप की सराहनीय भूमिका रही।
Tags
jabalpur
