Jabalpur News: कचोरी में इस्तेमाल हो रहे थे सड़े प्याज! बीकानेर, केशरवानी और अमृत भंडार सहित 5 स्वीट्स दुकानों पर खाद्य विभाग का छापा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। खाद्य पदार्थों में मिलावट और दूषित खाद्य सामग्री की बिक्री रोकने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा के निर्देश पर राजस्व एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने बुधवार को शहर के विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों और बेकरी कारखानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान मिल्क केक, मलाई बर्फी, बेसन लड्डू, पेड़ा और अन्य खाद्य पदार्थों के कुल 13 नमूने जांच के लिए लिए गए। सभी नमूने राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजे जा रहे हैं।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता के अनुसार, अभियान के तहत विजय नगर स्थित अमृत भंडार बेकरी के कारखाने एवं दुकान का निरीक्षण किया गया। यहां बिक्री के लिए केक और मिठाइयां रखी मिलीं। अधिकारियों ने मिल्क केक, मलाई रोल और मलाई बर्फी के नमूने जांच के लिए लिए।

वहीं, दीनदयाल चौक स्थित केशरवानी स्वीट्स की दुकान और कारखाने के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई की कमी पाई गई। टीम ने यहां रखे मावा, बेसन लड्डू, खोवा बर्फी और पेड़ा के चार नमूने लिए। स्वच्छता संबंधी नियमों के उल्लंघन पर प्रतिष्ठान को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया जा रहा है।

बीकानेर स्वीट्स में मिले सड़े प्याज, मौके पर नष्ट कराए


करमेता स्थित बीकानेर स्वीट्स के कारखाने और स्टोर के निरीक्षण के दौरान भी साफ-सफाई की कमी सामने आई। यहां तैयार किए जा रहे चॉकलेट रोल और बर्फी के नमूने जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को करीब 3 किलो सड़े हुए प्याज मिले, जिनका उपयोग प्याज की कचौरी बनाने में किया जाता था। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सड़े प्याज को मौके पर ही नष्ट करा दिया। स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर बीकानेर स्वीट्स को भी धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया जा रहा है।

इसी क्रम में मेडिकल क्षेत्र स्थित बड़कुल स्वीट्स और नंदीश्वर स्वीट्स का भी निरीक्षण किया गया। दोनों प्रतिष्ठानों से नमकीन और पेड़ा के कुल चार नमूने जांच के लिए लिए गए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमित गुप्ता ने बताया कि बुधवार को विभिन्न प्रतिष्ठानों से लिए गए सभी 13 नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजे जा रहे हैं। प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं जांच अभियान लगातार जारी रहेगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post