Jabalpur News: संस्कारधानी में 20 अक्टूबर को निकलेगा मुख्य चल समारोह, शाम 5 बजे से इन रास्तों पर रहेगा नो-एंट्री, जाम से बचने के लिए इन रास्तों का करें उपयोग

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में 20 अक्टूबर 2026 को दशहरा का मुख्य चल समारोह निकाला जाएगा। चल समारोह के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। इसके तहत मुख्य जुलूस मार्ग सहित आसपास के कई चौराहों और तिराहों पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा। डायवर्जन व्यवस्था शाम 5 बजे से शुरू होकर चल समारोह की समाप्ति तक लागू रहेगी। इस दौरान जुलूस मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

तीन पत्ती चौक से हनुमानताल तक निकलेगा जुलूस

दशहरा का मुख्य चल समारोह कॉर्पोरेशन चौक (तीन पत्ती चौक) से प्रारंभ होकर मढ़ाताल तिराहा, मालवीय चौक, सुपर मार्केट, लॉर्डगंज थाना तिराहा, घमंडी चौक, बड़ा फुहारा, कमानिया गेट, सराफा चौक, थाना कोतवाली, राजा रसगुल्ला, मिलौनीगंज, घोड़ा नक्काश और हनुमानताल होते हुए विसर्जन स्थल तक पहुंचेगा।

जुलूस मार्ग के सभी प्रमुख पॉइंटों पर यातायात पुलिस बल तैनात रहेगा। चल समारोह के दौरान इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। जुलूस मार्ग के दोनों ओर स्थित चौराहों और तिराहों से वाहनों को वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

इन स्थानों पर रहेगा यातायात डायवर्जन

यातायात पुलिस के अनुसार छोटी लाइन फाटक, ब्लूम चौक, सेंट नॉर्बर्ट तिराहा, पुराना बस स्टैंड तिराहा, भाटिया टायर, एमपीएसआरटी क्रॉसिंग, रज्जू मिस्त्री क्रॉसिंग, जनता चौक, नौदरा, प्रभुवंदना टॉकीज, दुबे लॉज क्रॉसिंग, मयूर लॉज क्रॉसिंग, डॉ. जामदार तिराहा, श्रीनाथ की तलैया, दत्त मंदिर और कछियाना चौक सहित विभिन्न स्थानों पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा।

इसके अलावा नॉर्मल स्कूल क्रॉसिंग, तुलाराम चौक, शंकर घी भंडार, पुरानी फूलमंडी, मछरहाई क्रॉसिंग, बड़े महावीरजी, भार्गव चौक, विजय कटपीस, जैन मंदिर, खटीक मोहल्ला, दीक्षितपुरा कन्या शाला, फूटाताल क्रॉसिंग, तमरहाई अंदर क्रॉसिंग, गुड़हाई अंदर क्रॉसिंग, छोटा फुहारा, दमोहनाका, मछली मार्केट, गोहलपुर तिराहा, बखरी तिराहा, दीनानाथ क्रॉसिंग, दुर्गा चौक, बकरा मार्केट और भानतलैया में भी यातायात व्यवस्था बदली जाएगी।

इन वैकल्पिक मार्गों का करें उपयोग

छोटी लाइन फाटक से आने वाले वाहन: बड़े और मध्यम वाहन ब्लूम चौक की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें बंदरिया क्रॉसिंग, कपूर क्रॉसिंग और मेडिकल की ओर जाने की सुविधा रहेगी।

ब्लूम चौक से तीन पत्ती की ओर: चल समारोह की तैयारियां शुरू होने के बाद सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वाहन जबलपुर हॉस्पिटल से रसल चौक होते हुए स्टेशन की ओर जा सकेंगे। इसके अलावा आदित्य अस्पताल, मानस भवन, रानीताल और लेबर चौक होकर दीनदयाल की ओर जाने वाले मार्ग का उपयोग किया जा सकेगा।

मुख्य जुलूस मार्ग: तीन पत्ती चौक, मालवीय चौक, सुपर मार्केट, बड़ा फुहारा, सराफा चौक, मिलौनीगंज चौक, घोड़ा नक्काश और हनुमानताल तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

हाईकोर्ट और कलेक्ट्रेट से गढ़ा-मदनमहल जाने वाले वाहन: इस दिशा में जाने वाले वाहन पुल नंबर-4 और गोरखपुर मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।

गोरखपुर से अधारताल जाने वाले वाहन: वाहन छोटी लाइन फाटक, दशमेश द्वार, मदनमहल अंडरब्रिज, रानीताल चौक और लेबर चौक होते हुए आगे जा सकेंगे।

रांझी क्षेत्र में भी बदलेगी यातायात व्यवस्था

दशहरा चल समारोह को देखते हुए रांझी क्षेत्र में भी यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। यहां जुलूस बड़ा पत्थर, मस्ताना चौक, दर्शन तिराहा, मेमोरी तिराहा, जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज और व्हीकल मोड़ से होकर गुजरेगा। इन स्थानों पर आवश्यकतानुसार यातायात पुलिस बल तैनात कर जुलूस मार्ग पर वाहनों का प्रवेश रोका जाएगा।

वेस्टलैंड खमरिया से रांझी की ओर सभी प्रकार के मध्यम और भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वहीं, व्हीकल मोड़ से रांझी की ओर जुलूस के दौरान सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इन वाहनों को व्हीकल मोड़ से अधारताल की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसी प्रकार अधारताल से व्हीकल मोड़ की ओर आने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा।

यातायात पुलिस की नागरिकों से अपील

यातायात पुलिस ने संस्कारधानीवासियों से अपील की है कि दशहरा मुख्य चल समारोह के दौरान निर्धारित मार्गों पर जाने से बचें और अधिक से अधिक फ्लाईओवर ब्रिज तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस द्वारा दिए जा रहे दिशा-निर्देशों का सहयोग करने की अपील की गई है, ताकि श्रद्धा और उत्साह के साथ निकलने वाला दशहरा चल समारोह सुगम एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post