दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। बेलबाग क्षेत्र में जुलाई 2026 में हुए विशाल सोनकर हत्याकांड के करीब तीन महीने बाद भी मुख्य आरोपी राजा सोनकर और प्रीतम सोनकर पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। दोनों आरोपियों पर जबलपुर पुलिस अधीक्षक द्वारा 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है। अब पुलिस उनकी संपत्ति कुर्क करने की तैयारी में जुट गई है। न्यायालय से जारी वारंट के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी और आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को 10 से 12 दिन का समय मिला है। वहीं, पुलिस ने आम लोगों से फरार आरोपियों के परिजनों के साथ वित्तीय लेनदेन नहीं करने की अपील की है।
पुरानी रंजिश में चाकू और बेसबॉल बैट से किया था हमला
जानकारी के अनुसार, बेलबाग निवासी विशाल सोनकर की क्षेत्र के ही प्रीतम सोनकर से पुरानी रंजिश थी। 26 जुलाई 2026 को विशाल अपने भाई अंकित सोनकर के साथ प्रॉपर्टी देखने और खरीदने के सिलसिले में घमापुर गया था। इसी दौरान चौक पर प्रीतम और राजा सोनकर अपने साथियों सावन, बल्लू, साहिल सहित अन्य युवकों के साथ पहुंच गए।
विशाल और प्रीतम के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपियों ने चाकू और बेसबॉल बैट से हमला कर दिया। हमले में विशाल सोनकर की मौत हो गई, जबकि उसका भाई अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया था।
तीन दिन के भीतर सात आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही बेलबाग थाना प्रभारी जितेंद्र पाटकर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा और आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन दिन के भीतर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि, हत्याकांड के मुख्य आरोपी राजा सोनकर और प्रीतम सोनकर अब तक फरार हैं।
पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दे रही है। दोनों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया गया है।
वारंट के बाद भी पेश नहीं हुए तो कुर्क होगी संपत्ति
हत्याकांड में मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से मृतक के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। परिजनों का कहना है कि घटना के तीन महीने बाद भी मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
बेलबाग थाना प्रभारी जितेंद्र पाटकर के मुताबिक, फरार आरोपियों के खिलाफ वारंट जारी किए गए हैं। निर्धारित समय में आरोपियों के पेश नहीं होने पर उनकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि फरार आरोपियों के परिजनों के साथ किसी भी प्रकार का वित्तीय लेनदेन करने से बचें।
Tags
jabalpur
