दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र के मदन महल फ्लाईओवर पर शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में 26 वर्षीय अमन केशरवानी की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब तीनों युवक एक्टिवा से देवताल जा रहे थे। आरोप है कि सामने से आ रहे रेत से जुड़े हाईवा ट्रक ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े। अमन के सिर में गंभीर चोट आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और थाने के सामने चक्काजाम कर दिया।
फ्लाईओवर की रोटरी पर हुआ हादसा
गढ़ा थाना पुलिस के अनुसार, लटकारी का पड़ाव, फूलमंडी, लार्डगंज निवासी शरद उर्फ बड्डू बर्मन (22) ने हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उसने पुलिस को बताया कि शुक्रवार तड़के करीब 3:30 बजे वह अपने साथी अंकित झारिया और अमन केशरवानी के साथ अमन की एक्टिवा क्रमांक एमपी 20 जेडक्यू 9684 से उसकी बुआ के घर देवताल जा रहे थे। एक्टिवा अमन चला रहा था, जबकि शरद और अंकित पीछे बैठे थे।
तीनों जब मदन महल फ्लाईओवर की रोटरी पार कर रहे थे, तभी सामने से आ रहे रेत हाईवा ट्रक ने उनकी एक्टिवा को टक्कर मार दी। हादसे के बाद तीनों सड़क पर गिर गए। अमन के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शरद के सिर और अंकित के बाएं हाथ के अंगूठे में चोट आई। घायलों को उपचार के लिए भेजा गया।
गोल बाजार में ठेला लगाकर चलाता था परिवार
अमन के निधन की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों के मुताबिक, अमन गोल बाजार में चार्ट-फुलकी का ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का कहना है कि हादसे के लिए जिम्मेदार चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
थाने के सामने चक्काजाम, चालक की गिरफ्तारी की मांग
हादसे के बाद मृतक के परिजन और स्थानीय लोग गढ़ा थाने के सामने एकत्रित हो गए और चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने फरार हाईवा चालक की गिरफ्तारी, वाहन की पहचान और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने यह भी सवाल उठाया कि शहर में भारी वाहनों की आवाजाही पर निगरानी के बावजूद इस तरह के हादसे कैसे हो रहे हैं।
मौके पर पहुंचे सीएसपी आशीष जैन ने परिजनों से चर्चा कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद चक्काजाम समाप्त कराया गया।
नो-एंट्री व्यवस्था पर भी उठे सवाल
हादसे के बाद शहर में भारी वाहनों की आवाजाही और नो-एंट्री व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हुए। परिजनों ने पूछा कि भारी वाहन शहर के भीतर किन परिस्थितियों में पहुंचा और हादसे के बाद चालक मौके से कैसे फरार हो गया।
वहीं, सीएसपी आशीष जैन के अनुसार, हादसा सुबह करीब 3:30 से 4 बजे के बीच हुआ, जब नो-एंट्री का समय समाप्त हो चुका था। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा वाहन चालक की लापरवाही के कारण हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, वाहन चालक की तलाश जारी
गढ़ा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर हाईवा चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1), 125(ए) और 281 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया है। वाहन चालक की तलाश जारी है।
Tags
jabalpur



