दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के मरघटाई गार्डन में मोबाइल देने से मना करने पर एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा और लोहे की रॉड भी जब्त की है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 5 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मरघटाई रोड नंबर-2 निवासी वीरेंद्र सेन ने रांझी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि रात करीब 10:30 बजे उनका बेटा प्रमोद सेन अपने दोस्तों मनीष साहू और दीपक सोनी के साथ मरघटाई गार्डन के अंदर पीपल के पेड़ के पास बैठा था। इसी दौरान ओमप्रकाश उर्फ प्रकाश चौधरी वहां पहुंचा और प्रमोद से मोबाइल फोन मांगने लगा। मोबाइल देने से मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और वहां से चला गया।
आरोप है कि कुछ देर बाद ओमप्रकाश अपने बड़े पिता विश्वनाथ उर्फ विष्णु चौधरी के साथ वापस पहुंचा। इसके बाद दोनों ने कथित तौर पर बांस के डंडे और लोहे की रॉड से प्रमोद पर हमला कर दिया। हमले में प्रमोद के सिर, जबड़े और कमर में गंभीर चोटें आईं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांझी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विश्वनाथ उर्फ विष्णु चौधरी (55), पिता ईश्वर दास चौधरी और ओमप्रकाश उर्फ प्रकाश चौधरी (31), पिता रवि चौधरी, दोनों निवासी रविदास नगर, मरघटाई के सामने, रांझी के रूप में हुई है।
विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मौका नक्शा तैयार किया और मौके से खून लगी मिट्टी व सामान्य मिट्टी जब्त की। इसके बाद आरोपियों के मेमोरेंडम कथनों के आधार पर उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा और लोहे की रॉड बरामद की गई।
इस कार्रवाई में रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी, सहायक उप निरीक्षक मनीष कुमार जाटव, प्रधान आरक्षक राजकुमार, राकेश, भूपेंद्र सहित अन्य पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।
Tags
jabalpur
