Jabalpur News: ग्वारीघाट में प्रज्वलित हुए 51 हजार दीप, रोशनी से जगमगाया मां नर्मदा का तट; नर्मदा आरती के बाद लेजर शो और आतिशबाजी ने बांधा समां

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। छोटी दिवाली यानी नरक चतुर्दशी के पावन अवसर पर संस्कारधानी जबलपुर के ग्वारीघाट में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान मां नर्मदा के पावन तट पर 51 हजार दीप प्रज्वलित किए गए, जिनकी रोशनी से पूरा घाट जगमगा उठा। दीपों की अनुपम छटा ने ग्वारीघाट को अद्भुत और मनमोहक स्वरूप प्रदान किया। इस भव्य आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह की अगुवाई में आयोजित दीपोत्सव में हर आयु वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। करीब 500 मीटर लंबे ग्वारीघाट पर अलग-अलग मंडलियों को दीप सजाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। सभी मंडलियों ने निर्धारित संरचना के अनुरूप दीप सजाकर पूरे घाट को रोशनी से सराबोर कर दिया।

दीप प्रज्वलन के बाद घाट की विद्युत रोशनी बंद की गई, जिसके बाद 51 हजार दीपों की जगमगाहट के बीच विधि-विधान से मां नर्मदा की आरती की गई। इसके बाद आकर्षक लेजर शो और शानदार आतिशबाजी ने आयोजन की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए। आसमान में रंग-बिरंगी आतिशबाजी और नर्मदा तट पर दीपों की रोशनी का नजारा देखने के लिए लोग देर तक घाट पर मौजूद रहे।

गौरतलब है कि नरक चतुर्दशी पर आयोजित होने वाले इस दीपोत्सव की शुरुआत 24 अक्टूबर 2022 को हुई थी। पिछले पांच वर्षों से यह आयोजन लगातार किया जा रहा है। हर साल की तरह इस बार भी दीपोत्सव ने धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामूहिक सहभागिता का सुंदर संदेश दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post