MP News: श्योपुर में मॉडिफाइड साइलेंसर वाली 6 बुलेट जब्त, ओवरलोड ट्रकों पर ₹51 हजार और बस पर ₹10 हजार का जुर्माना

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) श्योपुर। शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने रविवार को चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर लगी 6 बुलेट मोटरसाइकिलें जब्त की गईं। वहीं, ओवरलोड ट्रकों और परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने वाली बस पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने कुल 14 चालान बनाकर 72 हजार 500 रुपये का समन शुल्क वसूला।

पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान के निर्देश पर यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह राजपूत के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान तेज और पटाखे जैसी आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगी 6 बुलेट मोटरसाइकिलें पकड़ी गईं। पुलिस ने उनके साइलेंसर निकलवाए और 7 हजार रुपये के चालान बनाए। साथ ही वाहन चालकों को भविष्य में कंपनी के निर्धारित साइलेंसर का ही इस्तेमाल करने की हिदायत दी गई।

ओवरलोड ट्रकों पर 51 हजार का जुर्माना

चेकिंग के दौरान क्षमता से अधिक माल लेकर चल रहे तीन ट्रकों पर भी कार्रवाई की गई। जांच में ट्रक क्रमांक RJ20GC5446 में 2 टन, RJ32GC3059 में 11 टन और RJ32GE0497 में 7 टन अतिरिक्त माल मिला। इन तीनों ट्रकों पर कुल 51 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

इसके अलावा जैन बस क्रमांक MP07ZL2286 में परमिट की शर्तों के विपरीत सामान ले जाने पर 10 हजार रुपये का चालान बनाया गया।

यातायात पुलिस के मुताबिक, अभियान में ओवरलोडिंग और निर्धारित ऊंचाई से अधिक माल ले जाने के 5 मामले, मॉडिफाइड साइलेंसर के 6 मामले, बिना बीमा वाहन चलाने का 1 मामला, काली फिल्म का 1 मामला और बस में परमिट की शर्तों के उल्लंघन का 1 मामला सामने आया। इन सभी मामलों में चालानी कार्रवाई की गई।

यातायात नियमों का पालन करने की अपील

पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने, तेज गति और खतरनाक तरीके से वाहन नहीं चलाने तथा नशे की हालत में ड्राइविंग से बचने की हिदायत दी गई। साथ ही वाहन के जरूरी दस्तावेज साथ रखने को कहा गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post