MP News: दमोह जिला अस्पताल में बुजुर्ग महिला की नाक से निकले 60 लार्वा, एंडोस्कोपी में चलते दिखे कीड़े

दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दमोह। मध्यप्रदेश के दमोह जिला अस्पताल में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की नाक से डॉक्टरों ने मक्खी के करीब 60 लार्वा निकाले हैं। महिला नाक से लगातार खून आने और दर्द की समस्या से परेशान थीं। परिजन उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के दौरान नाक के अंदर बड़ी संख्या में लार्वा दिखाई दिए। डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू कर एंडोस्कोपिक तकनीक की मदद से सभी लार्वा बाहर निकाले।

जिला अस्पताल के नाक-कान-गला (ईएनटी) विशेषज्ञ डॉ. विशाल शुक्ला ने महिला का उपचार किया। एंडोस्कोपिक जांच के दौरान नाक के भीतर लार्वा चलते हुए दिखाई दिए। महिला की स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल ऑपरेशन थिएटर ले जाया गया। डॉक्टरों ने पहली प्रक्रिया में करीब 45 लार्वा निकाले, जबकि दूसरी बार में लगभग 10 से 15 लार्वा बाहर निकाले गए। उपचार के बाद महिला की सेहत में सुधार हुआ, जिसके बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

मक्खी के अंडों से विकसित हुए लार्वा


डॉ. विशाल शुक्ला के अनुसार, मक्खी द्वारा नाक में अंडे दिए जाने के कारण वहां लार्वा विकसित हो गए थे। समय पर इलाज नहीं मिलने पर संक्रमण और अन्य गंभीर जटिलताओं का खतरा हो सकता था। उन्होंने बताया कि सितंबर से दिसंबर के बीच इस तरह की समस्या सामने आने की आशंका रहती है, इसलिए बुजुर्गों की देखभाल में विशेष सावधानी बरतना जरूरी है।

बुजुर्गों की साफ-सफाई का रखें ध्यान

डॉक्टर ने सलाह दी कि बुजुर्गों को मच्छरदानी में सुलाएं और उनके आसपास साफ-सफाई बनाए रखें। यदि किसी बुजुर्ग की नाक से दुर्गंध आए, खून निकले या कोई असामान्य लक्षण दिखाई दें, तो लापरवाही न करें और तत्काल चिकित्सकीय जांच कराएं। समय पर पहचान और उपचार से गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post