दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। ग्वारीघाट थाना क्षेत्र के पोलीपाथर स्थित सफेद कुआं में बाल विवाह का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर महिला एवं बाल विकास विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के बाद नाबालिग लड़की के माता-पिता सहित दोनों पक्षों के माता-पिता के खिलाफ बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम से 23 नवंबर 2026 को सूचना मिली थी कि पोलीपाथर, सफेद कुआं क्षेत्र में बाल विवाह आयोजित किया जा रहा है। सूचना पर परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री विकेश कुमार राय, सेक्टर पर्यवेक्षक श्रीमती लता नेताम, संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
जांच के दौरान पता चला कि 18 वर्षीय युवक और 17 वर्षीय युवती ने अपनी मर्जी से विवाह कर लिया है। पूछताछ में दोनों के माता-पिता ने बताया कि युवक और युवती 13 नवंबर को मैहर चले गए थे, जहां विवाह करने के बाद 16 नवंबर को वापस लौट आए थे। दोनों ने परिवार को बिना बताए शादी की थी और इसके बाद साथ रह रहे थे।
जांच में यह भी सामने आया कि दोनों पक्षों के माता-पिता को युवक और युवती की विवाह योग्य निर्धारित आयु से संबंधित जानकारी थी। इसके बावजूद उन्होंने बाल विवाह रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। विवाह की जानकारी होने के बाद भी दोनों को साथ रहने दिया गया और इसकी सूचना पुलिस या संबंधित सक्षम अधिकारी को नहीं दी गई।
मामले में महिला एवं बाल विकास विभाग की लिखित शिकायत पर दोनों पक्षों के माता-पिता के विरुद्ध बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम की धारा 11 एवं 11(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
Tags
jabalpur
