Jabalpur News: चेरीताल स्थित कोरी मोहल्ले में जर्जर मकान में लगी भीषण आग, सामान जलकर राख

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। चेरीताल स्थित कोरी मोहल्ले में खेरमाई मंदिर के पीछे एक पुराने जर्जर मकान में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से मकान के अंदर रखा पुराना कबाड़ और अन्य सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि मकान में कोई नहीं रह रहा था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, उक्त मकान नथुलाल कोरी का पुराना पैतृक निवास है। मकान काफी समय से जर्जर अवस्था में था। बरसात के दौरान इसका कुछ हिस्सा भी गिर गया था, जिसके बाद परिवार ने यहां रहना बंद कर दिया था। मकान के अंदर पुराना सामान और कबाड़ रखा हुआ था।

फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या ठंड से बचने के लिए आग तापने के दौरान आग भड़क सकती है। आग से मकान की सीलिंग और अंदर रखा सामान पूरी तरह जल गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय नागरिकों ने भी कुएं के पानी और मोटरों की मदद से आग बुझाने में सहयोग किया। वहीं, एमपीईबी द्वारा तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

Post a Comment

Previous Post Next Post