दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पंडित मोतीलाल नेहरू वार्ड स्थित गाजी मियां दरगाह के पास रविवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर दुकानों पर गिरने से भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से तीन दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, हादसे में 15 लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है। राहत की बात यह रही कि रविवार होने के कारण घटना के समय दुकानें बंद थीं, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, घटना रविवार शाम करीब 6 बजे गाजी मियां ग्राउंड के पास हुई। स्थानीय दुकानदारों के मुताबिक, वे शाम को दुकानें बंद कर घर लौटे ही थे कि कुछ देर बाद हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर दुकानों पर गिर गया। इसके बाद आग तेजी से फैल गई और आसपास की तीन दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
लाखों का सामान जलकर राख
आग से फोर-व्हीलर डेंटिंग-पेंटिंग, व्हीकल फिटिंग और खेल-खिलौनों की दुकानें पूरी तरह जल गईं। डेंटिंग-पेंटिंग दुकान के संचालक मोहम्मद सुल्तान के मुताबिक, दुकान में रखी गाड़ियां, तीन नई किया कार की स्टेपनी, गन कंप्रेसर और अन्य महंगे उपकरण आग में जलकर नष्ट हो गए। दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
दो दमकल वाहनों ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दो दमकल वाहनों की मदद से स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
जर्जर तारों को दुरुस्त करने और मुआवजे की मांग
क्षेत्रीय समाजसेवी मोहम्मद मुर्तजा और प्रभावित दुकानदारों ने बताया कि इलाके में लटकते हाईटेंशन तारों के कारण पहले भी हादसे हो चुके हैं। दुकानदारों का कहना है कि वे छोटी-छोटी दुकानें चलाकर अपने परिवारों का भरण-पोषण करते हैं। इस घटना से उनकी आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ित दुकानदारों और क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जर्जर हाईटेंशन तारों को तत्काल दुरुस्त कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही, आग से हुए नुकसान का आकलन कर प्रभावित दुकानदारों को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।
Tags
jabalpur
