दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की हवालात में निरुद्ध आरोपी दयाशंकर पांडे की शुक्रवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। असामान्य व्यवहार करने पर पुलिस ने तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे भर्ती कर निगरानी में रखा है। आरोपी को बिल्डर को ब्लैकमेल करने और एक्सटॉर्शन (अवैध वसूली) के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
बिल्डर की शिकायत पर हुई थी गिरफ्तारी
सीएसपी ओमती सोनू कुर्मी ने बताया कि नयागांव निवासी बिल्डर महेश केमतानी की शिकायत पर दयाशंकर पांडे (निवासी साईं मंदिर, सिविल लाइन) को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया था।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने शुभ मोटर्स एजेंसी से जुड़े मामलों को लेकर विभिन्न शासकीय और अशासकीय कार्यालयों में कथित तौर पर भ्रामक एवं झूठी शिकायतें की थीं। इसके अलावा उच्च न्यायालय में याचिकाएं दायर कर इन्हीं मामलों के आधार पर पैसे की मांग करने और ब्लैकमेल व अवैध वसूली का प्रयास करने का आरोप लगाया गया है।
मामले की जांच सीएसपी कोतवाली द्वारा की गई थी। घटनास्थल सिविल लाइन थाना क्षेत्र में आने के कारण संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी की गई।
सुबह 6 बजे करने लगा असामान्य व्यवहार
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे हवालात में बंद दयाशंकर पांडे अचानक असामान्य व्यवहार करने लगा। उसकी तबीयत बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद भर्ती कर लिया।
प्राथमिक जांच रिपोर्ट सामान्य, अतिरिक्त जांच जारी
अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा की गई प्राथमिक जांच की रिपोर्ट सामान्य बताई गई है। हालांकि, एहतियात के तौर पर आरोपी को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है और कुछ अतिरिक्त जांचें भी कराई जा रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, इन जांचों की रिपोर्ट आने के बाद ही उसकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर आगे की जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।
पूर्व में भी रहा है चर्चा में
पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि आरोपी दयाशंकर पांडे वही व्यक्ति है, जो पूर्व में एक मामले को लेकर उच्च न्यायालय में भी उपस्थित हुआ था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और अस्पताल से मिलने वाली चिकित्सकीय जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags
jabalpur
