दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) नई दिल्ली। देश में सोने और चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे दिन तेजी देखने को मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव आज 3,658 रुपए बढ़कर 1.26 लाख रुपए के पार पहुंच गया। इससे पहले गुरुवार को सोना 1.23 लाख रुपए पर था। वहीं, एक किलो चांदी की कीमत में 6,953 रुपए की बढ़ोतरी हुई और यह 1.54 लाख रुपए पर पहुंच गई। गुरुवार को चांदी का भाव 1.47 लाख रुपए था।
पिछले दो दिनों में सोने की कीमत 5,261 रुपए और चांदी की कीमत 11,355 रुपए बढ़ चुकी है। बाजार में आई इस तेजी के पीछे निचले स्तर पर खरीदारी, शादी के सीजन में बढ़ती मांग और अंतरराष्ट्रीय बाजार के संकेतों को प्रमुख वजह माना जा रहा है।
दरअसल, 25 नवंबर को सोना गिरकर करीब 1.21 लाख रुपए और चांदी 1.43 लाख रुपए पर आ गई थी। इसके बाद निवेशकों ने कम कीमत का फायदा उठाते हुए खरीदारी शुरू कर दी। इसके अलावा देश में शादी-ब्याह का सीजन होने से ज्वेलरी और चांदी की मांग में भी बढ़ोतरी हुई है। अमेरिकी डॉलर की चाल और वैश्विक बाजार में कीमतों में सुधार का असर भी घरेलू बाजार पर दिखाई दे रहा है।
हालांकि, सोने-चांदी की कीमतों में आई इस तेजी के आगे भी जारी रहने को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। अमेरिका में महंगाई के मजबूत आंकड़ों के बाद फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाने की आशंका जताई जा रही है। यदि ब्याज दरों में बढ़ोतरी होती है तो सोने जैसे बिना ब्याज वाले निवेश की मांग प्रभावित हो सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में बाजार में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
इस साल सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी तेजी के बाद भारी गिरावट भी दर्ज की गई है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का भाव करीब 1.33 लाख रुपए था, जो 29 जनवरी को बढ़कर 1.76 लाख रुपए के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। इसके बाद कीमतों में गिरावट आई और सोना अपने ऊपरी स्तर से करीब 49,822 रुपए यानी लगभग 29% सस्ता हो चुका है।
इसी तरह चांदी की कीमत 31 दिसंबर 2025 को करीब 2.30 लाख रुपए प्रति किलो थी। 29 जनवरी को यह बढ़कर 3.80 लाख रुपए के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई थी। इसके बाद इसमें करीब 2.26 लाख रुपए यानी लगभग 60% की गिरावट दर्ज की गई।
देश के अलग-अलग शहरों में सोने के भाव भी अलग-अलग होते हैं। इसकी प्रमुख वजह परिवहन और सुरक्षा पर होने वाला खर्च, स्थानीय मांग और सप्लाई, ज्वेलरी एसोसिएशन द्वारा तय किए जाने वाले स्थानीय रेट और ज्वेलर्स के पुराने स्टॉक की खरीद कीमत है। दक्षिण भारत में सोने की खपत अधिक होने के कारण वहां खरीदारी का पैटर्न भी कीमतों को प्रभावित करता है।
ज्वेलरी खरीदते समय ग्राहकों को कुछ जरूरी सावधानियां रखनी चाहिए। सोना खरीदने से पहले BIS हॉलमार्क और HUID की जांच करनी चाहिए, ताकि उसकी शुद्धता की पुष्टि हो सके। इसके अलावा खरीदारी के दिन सोने का भाव अलग-अलग विश्वसनीय स्रोतों से जरूर मिलाना चाहिए। 24, 22 और 18 कैरेट सोने की कीमत अलग-अलग होती है, इसलिए कैरेट के अनुसार कीमत की जानकारी लेना जरूरी है।
वहीं, चांदी खरीदते समय उसकी शुद्धता और हॉलमार्क की जांच करना बेहतर है। चुंबक, बर्फ या कपड़े से रगड़कर किए जाने वाले घरेलू परीक्षण केवल शुरुआती संकेत दे सकते हैं, इनसे चांदी की असल शुद्धता की पूरी पुष्टि नहीं होती। इसके लिए प्रमाणित जांच कराना अधिक भरोसेमंद तरीका है।
Tags
national
