Jabalpur News: महिला कैशियर ने किया 7.50 लाख रुपए का गबन, हस्ताक्षरित चेक से निकाली रकम; पूरी राशि बरामद, कोर्ट ने भेजा जेल

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मदनमहल थाना क्षेत्र में अमानत में खयानत का मामला सामने आया है। एक निजी फर्म में कैशियर के पद पर काम करने वाली 24 वर्षीय महिला पर परिवार के सदस्यों और फर्म के बैंक खातों से हस्ताक्षरित चेक के जरिए 7.50 लाख रुपए निकालने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर गबन की पूरी रकम भी बरामद कर ली गई है। शनिवार को कोर्ट में पेश करने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, गोरखपुर निवासी विकास नेमा की पुराना बस स्टैंड स्थित सुखेजा टावर के पास विक्रांत ग्रुप नाम से फर्म है। यहां रजा चौक, हनुमानताल निवासी खुशबू चौधरी पिछले करीब 10 महीने से कैशियर के पद पर कार्यरत थी। उसके पास विकास नेमा और उनके परिवार के अन्य सदस्यों के बैंक खातों के हस्ताक्षरित चेक रहते थे।

20 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 12:30 बजे पंजाब नेशनल बैंक की मदनमहल शाखा से विकास नेमा की पत्नी मंजरी नेमा को चेक की पुष्टि के लिए फोन आया। बैंक पहुंचने पर पता चला कि प्रियंका प्रजापति और अमित लोधी चेक लेकर भुगतान कराने पहुंचे थे। पूछताछ में दोनों ने बताया कि खुशबू चौधरी ने चेक में राशि भरकर उन्हें रुपए निकालने के लिए भेजा था। उन्होंने उसी दिन विजयनगर शाखा से 50 हजार रुपए निकालकर खुशबू को देने की बात भी बताई।

जांच के दौरान अनीता नेमा के खाते से 3 लाख रुपए और मंजरी नेमा के खाते से 2.50 लाख रुपए के चेक भी मिले, हालांकि इनका भुगतान नहीं हो पाया।

शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने पीएनबी की विजयनगर और अधारताल शाखाओं से अनीता नेमा के खाते से 50-50 हजार रुपए निकाले। वहीं बैंक ऑफ बड़ौदा की राइट टाउन शाखा से विक्रांत नेमा के खाते से 2 लाख, मंजरी नेमा के खाते से 2 लाख और बेटे अंश नेमा के खाते से 2.50 लाख रुपए निकाले। इस तरह कुल 7.50 लाख रुपए की रकम निकाली गई।

विकास नेमा की शिकायत पर मदनमहल पुलिस ने बीएनएस की धारा 316(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने 24 वर्षीय खुशबू चौधरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने हस्ताक्षरित चेक के जरिए निकाली गई रकम अपने पास होने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पूरी 7.50 लाख रुपए की राशि जब्त कर ली। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post