दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) दमोह। जिले के पटेरा विकासखंड स्थित शासकीय एक्सीलेंस स्कूल में प्राचार्य द्वारा एक छात्र के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। प्राचार्य कमलेश शर्मा का छात्र को थप्पड़ मारने और धक्का देकर कक्ष से बाहर निकालने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो स्कूल के सीसीटीवी कैमरे का है।
मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया, जब सामने आया कि प्राचार्य ने एक छात्र और एक छात्रा समेत कुल तीन विद्यार्थियों को स्थानांतरण प्रमाणपत्र (टीसी) जारी कर दिया है। टीसी में विद्यार्थियों के आचरण को खराब बताया गया है।
छात्र को थप्पड़ मारकर कक्ष से निकाला
वायरल वीडियो में एक छात्र प्राचार्य के कक्ष में आता है और उनसे बातचीत करता दिखाई देता है। कुछ देर बाद प्राचार्य अपनी कुर्सी से उठते हैं और छात्र को थप्पड़ मारते हुए धक्का देकर कक्ष से बाहर ले जाते नजर आते हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन के व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
प्राचार्य ने मारपीट से किया इनकार
प्राचार्य कमलेश शर्मा ने छात्र के साथ मारपीट करने से इनकार किया है। उनका कहना है कि छात्र उनके साथ अभद्रता कर रहा था, इसलिए उसे कक्ष से बाहर निकाला गया। उन्होंने बताया कि तीन विद्यार्थियों को उनके खराब आचरण के चलते टीसी दी गई है। इस संबंध में विद्यार्थियों के माता-पिता को भी जानकारी दी गई थी।
प्राचार्य का दावा है कि तीनों विद्यार्थियों को कई बार समझाया गया, लेकिन उनके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ। उनके अनुसार, विद्यार्थियों की गतिविधियों से स्कूल का माहौल प्रभावित हो रहा था। उन्होंने कहा कि छात्रों के व्यवहार से जुड़े साक्ष्य उनके पास मौजूद हैं, जिन्हें अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश
मामले की जानकारी मिलने के बाद दमोह कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) को जांच के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
Tags
madhya pradesh
